आंगनवाड़ी केंद्र पर ताला, बच्चे भी मिले कम: कलेक्टर के निरीक्षण में हकीकत सामने आई, संबंधित अफसरों को नोटिस – alirajpur News

आंगनवाड़ी केंद्र पर ताला, बच्चे भी मिले कम:  कलेक्टर के निरीक्षण में हकीकत सामने आई, संबंधित अफसरों को नोटिस – alirajpur News




कलेक्टर नीतू माथुर ने मंगलवार को विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई केंद्रों पर लापरवाही सामने आई, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 मालवई पटेल फलिया का भी निरीक्षण किया। यह केंद्र बंद पाया गया और इस पर ताला लगा था। उन्होंने महिला बाल विकास अधिकारी को संबंधित के खिलाफ तत्काल नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र तालाब फलिया बोरकुआ का दौरा किया। यहां बच्चों की उपस्थिति दर्ज संख्या से कम पाई गई। कलेक्टर ने बच्चों को दिए जा रहे भोजन और नाश्ते की गुणवत्ता की भी जांच की। तय मेन्यू के अनुसार भोजन न मिलने पर ‘माँ नर्मदा समूह’ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से बातचीत की, उन्हें पढ़ाया और आंगनवाड़ी में दी जा रही शिक्षा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से कविताएं भी सुनीं। सती फलिया, धनपुर के आंगनवाड़ी केंद्र में भी बच्चों की उपस्थिति कम मिली। कलेक्टर ने सहायिका को प्रतिदिन बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यहां भोजन समय पर न मिलने और मेन्यू के अनुसार न दिए जाने पर संबंधित समूह को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। पोषण ट्रैकर ऐप की जांच में भी अनियमितताएं सामने आईं, जिसमें आवश्यक अपडेट दर्ज नहीं थे। कलेक्टर ने महिला बाल विकास अधिकारी को सभी प्रविष्टियां शत-प्रतिशत पूर्ण करने और लापरवाही बरतने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दिन मंगलवार होने के बावजूद इन केंद्रों पर ‘मंगल दिवस’ कार्यक्रम नहीं मनाया जा रहा था। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इस दौरान एसडीएम निधि मिश्रा भी उपस्थित थीं।



Source link