खरगोन में क्रांतिसूर्य टंट्या मामा भील विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने मंगलवार दोपहर चक्काजाम कर दिया। छात्रों ने बुनियादी सुविधाओं के अभाव और बढ़ी हुई फीस के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यस्ततम एमजी रोड पर लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े छात्र-छात्राओं ने धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि पिछले दो साल से कॉलेज में पानी और पर्याप्त आवास की सुविधा नहीं है, जबकि विश्वविद्यालय बनने के बाद फीस चार गुना तक बढ़ा दी गई है। सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु मोहनलाल कोरी, कुलसचिव डॉ. मनोहरदास सोमानी, डिप्टी कलेक्टर पी.एस. अगास्या सहित कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को लगभग आधा घंटे तक आश्वासन दिया। दो तस्वीरों में देखिए प्रदर्शन… छात्रों ने कहा 7 दिन में सुविधाएं उपलब्ध हों हालांकि, छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिन में सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो वे हाईवे पर चक्काजाम करेंगे। डिप्टी कलेक्टर पी.एस. अगास्या ने कहा कि प्रशासन स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाओं का निराकरण किया जाएगा। इस आंदोलन के कारण गणगौर पर्व पर श्रीकृष्ण टॉकीज से गुरुनानक चौराहा तक यातायात पूरी तरह बंद रहा। विश्वविद्यालय, जिसकी शुरुआत पीजी कॉलेज में हुई थी, वर्तमान में सीएचएमओ कार्यालय परिसर के पांच कमरों से कक्षाएं संचालित कर रहा है, जिससे 400 से अधिक विद्यार्थी प्रभावित हो रहे हैं।
Source link