मन्दसौर। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायत पर जिला प्रशासन ने मंगलवार शाम कार्रवाई करते हुए द्वारका इंडेन गैस एजेंसी को सील कर दिया। खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान एजेंसी के कर्मचारी को दोगुनी कीमत पर गैस सिलेंडर बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा। जिला आपूर्ति अधिकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान कर्मचारी घनश्याम घरेलू गैस सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग करते हुए पाया गया। जांच के दौरान टीम ने एजेंसी संचालक से आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। अनियमितताओं और दस्तावेजों की कमी को देखते हुए प्रशासन ने एजेंसी को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक सील कर दिया। अधिकारियों की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई कार्रवाई में एसडीएम शुभम पाटीदार, डिप्टी कलेक्टर रोहित राणावत, तहसीलदार अभिषेक चौरसिया, जिला आपूर्ति अधिकारी नारायणसिंह चन्द्रावत और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आराधना खडिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए बिना बुकिंग या अधिक कीमत पर सिलेंडर न खरीदें। अवैध भंडारण या दुरुपयोग पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है और आगे भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
Source link