धार के मसीह अस्पताल की बेशकीमती जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। मंगलवार को ईसाई समाज ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जमीन खुर्द-बुर्द करने के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में सुधीर जैन, सुधीर दास और अंकित उल्लासमल वडेरा को पुलिस विवेचना में शामिल करने की मांग की गई। समाज ने इन व्यक्तियों के खिलाफ ठोस साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई का आग्रह किया है। ईसाई समाज के अनुसार, यह जमीन धार महाराज द्वारा महिला अस्पताल के लिए दान में दी गई थी। वर्षों तक इस स्थान पर अस्पताल संचालित होता रहा, लेकिन बाद में इसे बंद कर कथित तौर पर जमीन को खुर्द-बुर्द कर दिया गया। आकाश बेंजामिन ने बताया कि यह जमीन समाज और जनसेवा के उद्देश्य से दान की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने इसे निजी स्वार्थ के लिए हड़पने का प्रयास किया है। समाज ने मांग की कि सभी आरोपियों को जांच में शामिल कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए और दोषियों को सख्त सजा मिले। ईसाई समाज ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आगे आंदोलन किया जाएगा।
Source link