Last Updated:
Suryakumar Yadav apologized to Daryl Mitchell: भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाड़ी डेरिल मिचेल से माफी मांगी थी. सूर्यकुमार यादव ने अर्शदीप के कारण ऐसा किया था. अर्शदीप सिंह ने डेरिल मिचेल पर एक तेज थ्रो फेंका था, जिसके कारण फाइनल में माहौल गर्म हो गया था. बाद में अर्शदीप सिंह ने भी मिचेल से अपनी गलती मानी थी.
सूर्यकुमार यादव ने डेरिल मिचेल से मांगी माफी
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया के चैंपियन बनने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव सुर्खियों में हैं. टी20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला न्यूजीलैंड के साथ खेला गया था. इस मैच में टीम इंडिया ने 96 रनों से जीत हासिल की थी. हालांकि, टीम इंडिया ने मुकाबले को एकतरफा अंदाज में जीता था, लेकिन मैच के दौरान एक ऐसी घटना भी हुई थी, जिसे लेकर कप्तान सूर्यकुमार यादव को माफी मांगनी पड़ गई थी.
दरअसल, सूर्यकुमार यादव ने फाइनल में अर्शदीप सिंह और डेरिल मिचेल के बीच थ्रो को लेकर हुए विवाद पर एक इंटरव्यू में चर्चा की और बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर कीवी प्लेयर से माफी मांगी थी, क्योंकि वह कप्तान के तौर पर मैदान पर सही उदाहरण पेश करना चाहते थे. अर्शदीप का थ्रो मिचेल के पैड पर लग गया था. इस घटना पर आईसीसी ने अर्शदीप पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया और एक डिमेरिट अंक भी दिया.
अर्शदीप ने मैच के बाद मिचेल से मांगी थी माफी
इस घटना के तुरंत बाद अर्शदीप ने माफी नहीं मांगी, जिस पर मिचेल ने आपत्ति जताई. स्थिति को संभालने के लिए सूर्यकुमार और मैदान पर मौजूद अंपायरों को बीच-बचाव करना पड़ा. मैच के आखिर में अर्शदीप ने हालांकि सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर मामले को खत्म किया. भारत ने यह मुकाबला 96 रन से जीतकर खिताब बरकरार रखा.
सूर्यकुमार ने ‘पीटीआई वीडियो’ के साथ एक पॉडकास्ट में इस घटना को ज्यादा तवज्जो देने से बचते हुए कहा, ‘‘मैच के दौरान कभी-कभी ऐसा हो जाता है. उस समय पूरी तरह समझ नहीं आता कि क्या हो रहा है. लेकिन बाद में मैंने पाजी (अर्शदीप) से कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए. फिर उन्होंने मिचेल से बात की और चीजें ठीक हो गयी.” उन्होंने कहा कि एक कप्तान के तौर पर जिम्मेदारी निभाना जरूरी है.
अर्शदीप की गलती पर सूर्या ने भी मांगी थी मिचेल से माफी
सूर्यकुमार ने कहा, “मेरे लिए यह बहुत जरूरी था कि मैं खुद जाकर डेरिल मिचेल से बात करूं. मैदान पर आप क्या उदाहरण पेश करते हैं, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है. इसलिए मैंने उनसे कहा कि अगर अर्शदीप ने जानबूझकर ऐसा किया तो मुझे माफ करें, और अगर जानबूझकर नहीं किया, तब भी मुझे माफ करें.” अर्शदीप ने मैच के बाद आधिकारिक प्रसारक से बातचीत में इस मामले पर माफी मांगते हुए कहा, “मैं मिचेल से माफी मांगना चाहता हूं. मेरा थ्रो रिवर्स स्विंग होकर उन्हें लगा. मैंने जानबूझकर ऐसा नहीं किया था.”
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें