मैहर में स्कूल वैन को बस ने मारी टक्कर: दो बच्चों को मामूली चोटें, पुलिस ने समझौते से एफआईआर दर्ज नहीं की – Maihar News

मैहर में स्कूल वैन को बस ने मारी टक्कर:  दो बच्चों को मामूली चोटें, पुलिस ने समझौते से एफआईआर दर्ज नहीं की – Maihar News




मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। विंध्यावैली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही एक वैन को पीछे से आ रही तेज रफ्तार सवारी बस ने टक्कर मार दी। गनीमत रही कि टक्कर के बाद वैन पलटी नहीं, वरना कई बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी। हादसा सुबह उस समय हुआ जब विंध्यावैली स्कूल की वैन (MP 19 T 4463) बच्चों को लेकर स्कूल की ओर बढ़ रही थी। जैसे ही वैन लालपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची, रीवा की तरफ से आ रही एक सवारी बस (MP 17 P 0711) ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन का पिछला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। बाल-बाल बचे स्कूली बच्चे भिड़ंत होते ही वैन के भीतर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घबराए हुए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में दो बच्चों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद घर भेज दिया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बस की तेज गति साफ नजर आ रही है। समझौते के बाद टली कानूनी कार्रवाई हादसे के बाद पुलिस दोनों वाहनों को अमरपाटन थाने ले आई। अमरपाटन टीआई विजय सिंह पारस्ते ने बताया कि बच्चों को मामूली चोटें आई थीं और वे अब सुरक्षित हैं। हालांकि, इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि बस मालिक और स्कूल प्रबंधन के बीच आपसी समझौता हो गया है, जिस कारण किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है।



Source link