शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में एक बेटे ने मामूली विवाद के चलते अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी शव को ठिकाने लगाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसका यह प्रयास विफल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना अमलाई के ईंटा भट्टा लखन दफाई में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात को हुई। मृतका की पहचान 56 वर्षीय कुसुम बाई कोरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसकी हत्या उसके बड़े बेटे संजय कोरी ने की है। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल मां और बेटा ही मौजूद थे। ढाबे पर बना रहा था शव ठिकाने लगाने का प्लान प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संजय का अपनी मां से किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने मां का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी घर से निकलकर एक ढाबे में खाना खाने चला गया और वहां अपने कुछ साथियों से शव को ठिकाने लगाने की बात भी कही। इसी बीच, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक ने अपनी मां की हत्या कर दी है और शव को छिपाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घर में महिला का शव बरामद कर लिया। पकड़ाने पर बोला- मां मारती थी ताना बाद में मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान से आरोपी संजय कोरी को भी हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मां छोटी-छोटी बातों पर उसे परेशान करती थी, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और मजदूरी का काम करता है। परिवार का छोटा बेटा दूसरे राज्य में मजदूरी के लिए गया हुआ है, जबकि तीनों बेटियां भी घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थीं। आरोपी से पूछताछ जारी थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Source link