Last Updated:
Sagar News: जगत मंडल ने लोकल 18 से कहा कि वह एक दिन में 50 से 70 किमी साइकिल चलाते हैं. वह कपड़ों से लेकर खाना बनाने तक का सामान अपने साथ लेकर चल रहे हैं.
सागर. घने जंगल और दुर्गम पहाड़ियों पर बसा छत्तीसगढ़ का सुकमा सबसे ज्यादा नक्सल प्रभावित जिलों में से एक रहा है लेकिन अब यहां के लोगों के भी दिन बदल रहे हैं. वे खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं. यहां स्कूल-आंगनबाड़ी जैसे संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं और यहां के लोगों को अब पता चल रहा है कि आजादी क्या होती है. उन्हें पता चल रहा है कि वे बिना किसी डर और दहशत के स्वतंत्र रूप से कैसे जी सकते हैं. ऐसे ही इस जिले के एक छोटे से गांव ढोबण्पल का 30 वर्षीय युवक लद्दाख की यात्रा पर निकला है. वह बस्तर संभाग का पहला ऐसा युवक है, जो छत्तीसगढ़ से लद्दाख की साइकिल यात्रा कर रहा है. 30 वर्षीय जगत मंडल पेशे से टैटू आर्टिस्ट हैं. वह 3500 किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर रहे हैं. वह छत्तीसगढ़ से अपनी यात्रा शुरू कर मध्य प्रदेश के सागर पहुंचे.
जगत मंडल ने लोकल 18 से बातचीत में कहा कि वह एक दिन में 50 से 70 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं. वह कपड़ों से लेकर खाना बनाने तक का सामान साथ लेकर चल रहे हैं. हालांकि कई जगहों पर लोग उनकी मदद कर देते हैं. कोई सुबह का नाश्ता करवा देता है, तो कोई रात का खाना खिलवा देता है. जिस दिन इंतजाम नहीं हो पाता, तो वह खुद ही भोजन बना लेते हैं. कई लोग पैसे देकर भी आर्थिक रूप से मदद कर रहे हैं, जिनसे यह यात्रा चल रही है.
कठिन परिस्थितियों में रहते हैं जवान
उन्होंने आगे कहा कि वह नक्सल प्रभावित जिले से आते हैं. वहां पर उन्होंने देखा कि घने जंगल में आर्मी के जवान कैंप लगाकर बहुत कठिन परिस्थितियों में रहते हैं. उन्हीं वीर सैनिकों के लिए वह सुकमा से लद्दाख तक यात्रा कर रहे हैं. वह वैष्णो देवी माता के मंदिर होते हुए लद्दाख जाएंगे. सागर पहुंचने से करीब 20 दिन पहले उन्होंने साइकिल यात्रा शुरू की थी. अभी यात्रा में कई दिन लगेंगे. जहां पर रास्ता अच्छा होता है, वहां साइकिल थोड़ी ज्यादा चल जाती है और जहां रास्ता खराब होता है, वहां बहुत कम सफर तय हो पाता है.
ऑल इंडिया टूर कर चुके हैं जगत मंडल
जगत बताते हैं कि पिछले 6 महीने में यह उनकी दूसरी यात्रा है. इससे पहले उन्होंने 13000 किलोमीटर का ऑल इंडिया टूर भी किया था. फिलहाल यात्रा के दौरान वह अपने जिले की बदलती हुई स्थिति के बारे में भी लोगों को बता रहे हैं कि वहां पर किस तरह परिस्थितियां बदल रही हैं और अब कैसे लोग वहां से बाहर निकल पा रहे हैं. जगत मंडल ने यह भी दावा किया कि वह छत्तीसगढ़ के पहले ऐसे युवक हैं, जो छत्तीसगढ़ से साइकिल से लद्दाख की यात्रा पर जा रहे हैं. इससे पहले ऐसा कभी किसी ने नहीं किया है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.