देवास में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकांत चौहान और छोटेलाल अहिरवार पर बाईपास पर एक कार रोकने और मारपीट के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उज्जैन रोड स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर धरना दिया, जो देर रात तक जारी रहा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम ने कहा कि वाहन की किस्त को लेकर गाड़ी रोकने पर श्रीकांत चौहान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई भाजपा से जुड़े एक जनप्रतिनिधि के दबाव में की गई है। कांग्रेस ने श्रीकांत चौहान की तत्काल रिहाई और मामले में क्रॉस रिपोर्ट दर्ज करने की मांग उठाई। कार चालक से मारपीट का आरोप पुलिस के अनुसार, देवास बाईपास पर आरोपियों ने एक कार का पीछा कर उसे शंकरगढ़ के पास रोका। कार चालक संदीप (नलखेड़ा निवासी) ने 112 पर कॉल कर मारपीट के प्रयास की सूचना दी। जानकारी के मुताबिक, श्रीकांत चौहान और उनके साथी ने खुद को निजी बैंक का कर्मचारी बताकर कार चालक को रोका। जब चालक ने आईडी मांगी, तो आरोपियों ने पहचान पत्र नहीं दिखाया और पैसे न देने पर कथित रूप से मारपीट की। औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के अनुसार, फरियादी की शिकायत पर श्रीकांत चौहान और एक अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। रात 9:30 बजे तक जारी रहा धरना
एफआईआर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धरना देर रात करीब 9:30 बजे तक जारी रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link