Last Updated:
रिपोर्ट- मिथिलेश गुप्ता. इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर में हुए भीषण अग्निकांड में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में तीन बच्चे भी हैं. चार लोग घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक व्हीकल के चार्जिंग प्वाइंट में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है.
आगजनी की घटना इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र की है. यह आलीशान तीन मंजिला घर मनोज पुगलिया का है. बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रिक व्हीकल के चार्जिंग प्वाइंट में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग लग गई. देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई.
घटना के समय घर में कुल 12 लोग थे, जिसमें से 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं चार लोग घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. आग इतनी भीषण थी कि घर में मेन गेट से घुसना मुमकिन नहीं था. छत के रास्ते से एंट्री की गई. दरअसल घर में ऐसा सामान अधिक था, जिसके कारण आग ज्यादा फैल गई.
आगजनी के समय घर में कुछ ब्लास्ट होने की बात भी सामने आई है. सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ या कुछ और था, इसकी जांच की जा रही है. बिजली बंद होने के कारण दरवाजे तोड़ने पड़े थे. यह संभावना भी है कि आग लगने के कारण लाइट बंद हुई हो और दरवाजे लॉक हो गए हों.
Add News18 as
Preferred Source on Google
मृतकों में दो पुरुष हैं, जिसमें घर के मालिक मनोज पुगलिया उम्र 65 साल और उनका साला विजय सेठिया उम्र 65 साल हैं. तीन महिलाओं की मौत हुई है. सिमरन (बहू), सुमन (साली) और टीनू नाम की महिला की मौत हुई है. मृतकों में तीन बच्चे तनय, राशि और छोटू हैं. एक बच्चे का शव क्षतिग्रस्त हालत में मिला.
मृतक मनोज पुगलिया की पीथमपुर में पॉलिमर की फैक्ट्री है. उनकी इंदौर के सियागंज में दुकान भी है. विजय सेठिया का इंदौर में कैंसर का इलाज चल रहा था. वह बिहार से इलाज के लिए इंदौर आए थे.
पुलिस ने घर से 8 सिलेंडर भी बाहर निकाले. दो सिलेंडर में ब्लास्ट होने की संभावना जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले मांगलिक कार्य होने के चलते घर में सिलेंडर रखे हुए थे.
सभी विभागों की जांच में प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगना सामने आया है. फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम बारीकी से घटना की जांच कर रही है. वहीं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश पर घटना की जांच के लिए सीनियर आईएएस अनुपम राजन और सीनियर आईपीएस आदर्श कटियार घटनास्थल पहुंचे.