Last Updated:
Sagar News: दुकानदार नितिन चौरसिया ने लोकल 18 से कहा कि हम पिछले 20 साल से नाश्ते की दुकान चला रहे हैं. हमारे पास 4-5 भरे हुए सिलेंडर रखे हुए थे, तो शुरुआत में तो कोई दिक्कत नहीं हुई लेकिन गैस खत्म होने के बाद हमें दो दिन तक दुकान बंद करनी पड़ी.
सागर. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध की वजह से भारत में लोगों को गैस की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है. कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी की वजह से होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर सिगड़ी, डीजल भट्टी और कोयला भट्टी शुरू हो गई है लेकिन अब इसका असर किचन से होते हुए बाजार में भी दिखाई देने लगा है. नाश्ते की दुकानों पर समोसा, जलेबी, टिकिया, आलू वड़ा, दही वड़ा जैसी चीजों के दाम बढ़ गए हैं. युद्ध के चलते महंगाई का बोझ आम जनता की जेब पर पड़ने लगा है. मध्य प्रदेश के सागर में नाश्ते की दुकानें दोबारा शुरू तो होने लगी हैं लेकिन अब खाने-पीने की चीजें महंगी हो गई हैं. अभी तक जो समोसा 7 रुपये का मिलता था, अब वह 10 रुपये का हो गया है. इसी तरह आलू टिक्की, आलू वड़ा, जलेबी, बालूशाही आदि के दामों में भी बढ़ोतरी हो गई है.
दुकानदारों का कहना है कि बाजार से आने वाली सामग्री महंगी हो गई है. डिस्पोजल से लेकर समोसा, वड़ा, टिक्की, मंगोड़ी आदि बनाने तक की सामग्री महंगी हो रही है, इसलिए मजबूरी में उनको भी रेट बढ़ाने पड़ रहे हैं. दुकानदार नितिन चौरसिया बताते हैं कि हम पिछले 20 साल से नाश्ते की दुकान चला रहे हैं. अभी जो गैस की परेशानी आई है, तो इसमें 4-5 सिलेंडर हमारे पास पहले से रखे हुए थे, तो शुरुआत में तो कोई दिक्कत नहीं हुई लेकिन गैस खत्म होने के बाद दो दिन तक दुकान बंद करनी पड़ी. मंगलवार से हमने भट्टी से शुरुआत की है लेकिन बाजार में समोसा बनाने की सामग्री जैसे- सोयाबीन का तेल, मैदा सहित इसमें जो मसाले डाले जाते हैं, वे सब महंगे हो गए हैं. इसकी वजह से हमने नाश्ते के दाम बढ़ा दिए हैं. वहीं सागर के कुछ पुराने दुकानदार अभी तक ₹5 में समोसा बेच रहे थे लेकिन अब वे भी 15 रुपये में दो समोसे दे रहे हैं.
भट्टी से बना रहे नाश्ता
एक अन्य दुकानदार अभिषेक कुमार ने कहा कि उनके यहां समोसा और दही वड़ा की वर्तमान समय में सबसे ज्यादा डिमांड रहती है लेकिन गैस नहीं होने से भट्टी पर काम चला रहे हैं. भट्टी पर समय ज्यादा लगता है और उसकी आंच को कम-ज्यादा करने में भी परेशानी होती है, इसलिए समय पर चीज तैयार नहीं हो पाती, जिससे ग्राहक भी इधर-उधर हो जाते हैं. ऊपर से बाजार में खानपान से जुड़ी चीजों के रेट बढ़ गए हैं, इसलिए समोसा ₹10 का कर दिया है और बनाकर (दही-चटनी और छोले आदि डालकर) ₹20 में दे रहे हैं. जलेबी, मंगोड़ी, पोहा समेत सभी नाश्ते के रेट थोड़े बहुत बढ़ाए गए हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.