रीवा में बुधवार को आसमान में तेज गर्जना के साथ फाइटर जेट गुजरने के दौरान अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जिले के जवा, रामबाग, अतरैला समेत कई गांवों में यह आवाज इतनी तेज थी कि लोगों ने इसे किसी बड़े ब्लास्ट से जोड़ लिया। अचानक हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोग घरों से बाहर निकल आए और आसपास के इलाकों में अफवाहों का दौर शुरू हो गया। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है और अफवाहों से बचने की अपील की है। NCC ऑफिस की फॉल सीलिंग और छत गिरी इसी दौरान जवा स्थित एनसीसी ऑफिस में फॉल सीलिंग सहित छत से प्लास्टर टूटकर गिरने लगे और छत में दरारें आ गईं। हालांकि गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। स्कूल, घरों और गाड़ियों को नुकसान सेंट मैरी स्कूल जवा समेत आसपास के कई घरों में खिड़कियों के कांच टूटने की जानकारी सामने आई है। इसके साथ ही कई जगह खड़ी गाड़ियों के कांच टूटने की भी खबर है। तेज कंपन के कारण यह नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का दावा: 10 दिनों से मंडरा रहे फाइटर जेट भठवा निवासी रामकिशोर पटेल ने बताया, “पिछले करीब 10 दिनों से लगातार इलाके के ऊपर फाइटर जेट उड़ान भर रहे हैं। हर दिन तेज आवाज सुनाई देती है, जिससे लोग सहमे हुए हैं।” वहीं भठवा के ही एक अन्य ग्रामीण शिवप्रसाद तिवारी ने कहा, “पहले कभी ऐसा नहीं हुआ। अचानक इतनी तेज आवाज आई कि लगा कोई बड़ा विस्फोट हो गया हो। पिछले कई दिनों से यही स्थिति बनी हुई है, जिससे गांव में दहशत का माहौल है।” पुलिस बोली -तेज धमाके जैसी आवाज थी,जांच कर रहे जवा थाना प्रभारी कमलेश साहू के मुताबिक, “तेज ब्लास्ट जैसी आवाज पूरे इलाके में सुनी गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।” पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी फैलाने से बचें। गांवों में चर्चा का विषय बनी घटना घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कोई इसे फाइटर जेट की सोनिक बूम बता रहा है, तो कोई अन्य कारणों की आशंका जता रहा है। फिलहाल जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Source link