कटनी शहर में रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत जारी है, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं। जिला प्रशासन द्वारा निर्बाध आपूर्ति के दावों के बावजूद, जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। लोगों को एक सिलेंडर पाने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। बुधवार को माधव नगर थाना क्षेत्र के समदड़िया सिटी स्थित कटनी गैस एजेंसी पर अव्यवस्था का आलम देखा गया। यहां बड़ी संख्या में घरेलू उपभोक्ता अपने खाली सिलेंडर लेकर लंबी लाइनों में खड़े थे। कतार में लगे उपभोक्ता सुरेश पिपलानी ने बताया कि कलेक्टर अपने चैंबर में बैठकर सिलेंडर की भरपूर उपलब्धता का संदेश जारी कर रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि उन्हें गैस के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। तीन दिन से काट रहे चक्कर उपभोक्ताओं की परेशानी केवल घंटों तक सीमित नहीं है, बल्कि वे पिछले कई दिनों से जूझ रहे हैं। केंद्र पर मौजूद लोगों ने बताया कि वे बीते तीन दिनों से लगातार चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। बुधवार को भी लगभग सौ से अधिक लोग सुबह 5 बजे से ही कतार में लग गए थे, लेकिन 5 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल सका। हर एजेंसी का यही हाल गैस की किल्लत का यह संकट केवल एक एजेंसी तक सीमित नहीं है। जानकारी के अनुसार, शहर की अन्य प्रमुख एजेंसियों जैसे गुप्ता गैस एजेंसी और पुरुषोत्तम गैस एजेंसी के साथ-साथ अन्य गोदामों के बाहर भी कमोबेश यही स्थिति बनी हुई है। हर जगह उपभोक्ताओं को अपनी बारी का इंतजार करने के लिए घंटों खड़े रहना पड़ रहा है।
Source link