बालाघाट कोतवाली के गर्रा स्थित वैनगंगा पुल पर बुधवार शाम एक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से दंपत्ति की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे महिला ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गई। हादसे के बाद वैनगंगा पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बेकाबू होकर ट्रक के पहिए के नीचे आई महिला मृतका की पहचान बेनी निवासी प्रेमबती पति सुबेलाल बुराडे के रूप में हुई है। वह अपने पति सुबेलाल के साथ चांगोटोला में अपने भाई के गृह प्रवेश कार्यक्रम से वापस गांव लौट रही थीं। शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच वैनगंगा नदी के बड़े पुल पर टीवीएस बाइक (MP50S9643) को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रेमबती सड़क पर गिर गईं और ट्रक की चपेट में आने से उनकी तत्काल मौत हो गई। पुल पर लगा लंबा जाम, पुलिस ने संभाली स्थिति हादसे के बाद वैनगंगा पुल पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही 112 वाहन के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बाधित यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पति सुबेलाल को घटना में मामूली चोटें आई हैं। पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया शव पुलिस ने महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। शाम अधिक होने के कारण बुधवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जो अब गुरुवार को किया जाएगा। कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर ट्रक चालक पर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link