शिवपुरी पुलिस ने शराब और मवेशियों से भरी पिकअप पकड़ी: तीन गिरफ्तार, 67 लीटर कच्ची शराब बरामद, हत्या के मामले में फरार 2 आरोपी भी पकड़ाए – Shivpuri News

शिवपुरी पुलिस ने शराब और मवेशियों से भरी पिकअप पकड़ी:  तीन गिरफ्तार, 67 लीटर कच्ची शराब बरामद, हत्या के मामले में फरार 2 आरोपी भी पकड़ाए – Shivpuri News




शिवपुरी कोतवाली पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए अवैध शराब और पशु परिवहन में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मारपीट के बाद मौत में तब्दील हुए हत्या प्रकरण में फरार चल रहे दो आरोपियों को भी पकड़कर जेल भेज दिया गया है। इन कार्रवाइयों से जिले में पुलिस की सख्ती साफ नजर आई है। आरोपियों के पास से 67 लीटर कच्ची शराब जब्त
कोतवाली प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कठमई तिराहे पर एक पिकअप वाहन (एमपी07-एजी-9065) को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में 11 भैंसें और 5 पड़िया ठूंस-ठूंसकर भरी मिलीं। साथ ही चार प्लास्टिक कट्टियों में करीब 67 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब भी बरामद हुई। पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत की पिकअप गाड़ी, 6700 रुपये कीमत की शराब और सभी मवेशियों को जब्त कर लिया। इस मामले में नीसिर खान, वकील कुरैशी और आसिफ खान को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जब्त मवेशियों को सुरक्षित गोशाला भेज दिया गया है। हत्या के दो आरोपी भी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने 11 मार्च को दर्ज मामले में फरार चल रहे बादल आदिवासी और बिट्टू आदिवासी को गिरफ्तार किया। इस मामले में घायल बुजुर्ग बुलाखी आदिवासी की इलाज के दौरान ग्वालियर में मौत हो गई थी, जिसके बाद प्रकरण में हत्या की धारा बढ़ा दी गई थी। तीनों आरोपी जेल भेजे गए इस मामले में एक आरोपी चैना आदिवासी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। अब तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



Source link