सतना में बिड़ला रोड स्थित सिंधी कैंप मोड़ पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बदखर निवासी रवि शुक्ला (29 वर्ष) और उनके साथी रंजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना सोमवार रात करीब 12 बजे हुई और इसका सीसीटीवी मंगलवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस के अनुसार, रवि शुक्ला और रंजीत सिंह बस स्टैंड से अपने घर बदखर जा रहे थे। कंवर नगर मोड़ के सामने पहुंचते ही पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक समेत दोनों युवक काफी दूर तक घिसटते चले गए। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। पीड़ितों ने बाद में कोलगवां थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे से पहले बाइक सवार युवकों का बस स्टैंड स्थित एक पान की दुकान पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिखा है कि टक्कर मारने वाली कार की हेडलाइट बंद थी, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि यह जानबूझकर किया गया हमला हो सकता है। पुलिस कार और चालक की तलाश कर रही है।
Source link