छिंदवाड़ा में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर सिवनी रोड स्थित श्री रामेश्वरम धाम मंदिर परिसर में आयोजित हो रहे 1008 कुण्डीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ की शुरुआत भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। शोभायात्रा का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालु सिर पर कलश रखकर जयकारे लगाते और भक्ति गीत गाते हुए नगर भ्रमण पर निकले। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई। सांसद ध्वज लेकर निकले इस भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू के परिवार द्वारा किया जा रहा है। कलश यात्रा में सांसद अपने पूरे परिवार के साथ शामिल हुए और हाथ में ध्वज लेकर श्रद्धालुओं के बीच चलते नजर आए, जिससे आयोजन में विशेष आकर्षण देखने को मिला। गुरुवार से सहस्त्र चंडी महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ होगा। चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश और अरणी मंथन जैसे धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न किए जाएंगे। इसके बाद अभिजीत मुहूर्त में कलश स्थापना के साथ यज्ञ की शुरुआत की जाएगी। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में विशेष तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
Source link