मैहर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर बुधवार सुबह सड़क हादसे में सीमेंट प्लांट के एक कर्मचारी की मौत हो गई। कुसेड़ी के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अमदरा थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने 11 लाख रुपए का मुआवजा देने पर सहमति जताई। मृतक की पहचान आरसीसीपीएल सीमेंट प्लांट के कर्मचारी मुकेश पटेल (35) के रूप में हुई है, जो गौरैया कला निवासी थे। मुकेश पटेल सुबह करीब 5:30 बजे अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। नेशनल हाईवे-30 पर कुसेड़ी मोड़ के पास पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग हादसे में मुकेश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एनएचएआई की एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अमदरा थाने पहुंच गए। उन्होंने हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों और सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता मनीष पटेल भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार के लिए फैक्ट्री प्रबंधन से उचित मुआवजे की मांग की। प्रशासन और कंपनी ने 11 लाख मुआवजे पर सहमति प्रदर्शनकारियों ने तर्क दिया कि कर्मचारी की मौत कार्यस्थल जाते समय हुई है, इसलिए कंपनी को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद 11 लाख रुपये के मुआवजे पर सहमति बनी। फैक्ट्री ने 11 लाख रुपए का चेक परिजनों को सौंपा थाने में करीब दो घंटे तक चली खींचतान और हंगामे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन बैकफुट पर आया। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में हुई बातचीत के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को 11 लाख रुपए की अनुग्रह राशि का चेक सौंपा। जिसके बाद परिजनों ने विरोध प्रदर्शन खत्म किया है।थाना प्रभारी केपी त्रिपाठी ने बताया कि मर्ग कायम कर कार की पहचान कर ली गई है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।कार की तलाश जारी है।फिलहाल पुलिस मामले पर आंगे की जांच कर रही है।
Source link