MP दिनभर में आज की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
.
दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास…
1. EV चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट; ससुर-बहू समेत 8 लोगों की मौत, 4 घायल
इंदौर में इलेक्ट्रिक कार में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिसने तीन मंजिला मकान को भी चपेट में ले लिया। हादसे में रबर कारोबारी मनोज पुगलिया, उनकी गर्भवती बहू सिमरन सहित 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य घायल हैं। मारे गए लोगों में से 6 मनोज के रिश्तेदार थे, जो मंगलवार को बिहार के किशनगंज से आए थे। घटना बुधवार तड़के करीब 4 बजे बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी की है। पुलिस के अनुसार, कार से घर तक फैली आग ने अंदर रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे एक के बाद एक सिलेंडर फटने लगे। धमाका इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा ढह गया। घर में लगे डिजिटल लॉक खुल नहीं पाए, इसके कारण अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। पढ़ें पूरी खबर…
2. MP की 22.77 लाख महिलाएं लखपति दीदी बनीं, देश के टॉप 5 राज्यों में चौथे नंबर पर

केंद्र सरकार द्वारा जारी 31 दिसंबर 2025 तक के आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश में ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत 22,77,814 महिलाएं लखपति बन चुकी हैं। इसके साथ ही प्रदेश, देश में सबसे ज्यादा लखपति दीदी वाले राज्यों की सूची में चौथे नंबर पर आ गया है। संसद में एक सवाल के जवाब में ये जानकारी सामने आई है। एक साल पहले मध्य प्रदेश लखपति दीदी के मामले में आठवें नंबर का राज्य था। इसके अलावा ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना के तहत मध्य प्रदेश को 34 ड्रोन उपलब्ध कराए गए हैं, जो इसे देश में आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के बाद तीसरे पायदान पर ले आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2023 को लाल किले से ‘लखपति दीदी’ योजना की घोषणा की थी। पढ़ें पूरी खबर…
3. क्लर्क मां ने बच्ची को ट्रेन के सामने धकेला, सिर-कमर और कंधे पर गंभीर चोटें

नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर एक महिला ने अपनी 8 साल की बेटी को चलती ट्रेन के सामने धक्का दे दिया। बच्ची के सिर, कमर और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। काफी खून बहने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के दौरान बच्ची रेलवे ट्रैक और ट्रेन के बीच फंस गई। ट्रेन गुजरने के बाद मौके पर मौजूद लोगों और आरपीएफ ने बच्ची को तुरंत ट्रैक से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। बच्ची की पहचान युविका राजपूत (8) के रूप में हुई है। वह अपनी मां अंजू सिंह राजपूत के साथ स्टेशन आई थी। अंजू पिंक एवेन्यू, मालाखेड़ी में रहती हैं और कृषि विभाग में क्लर्क है। बचाने आए लोगों से वह कह रही थी- क्यों बचाया, उसे अब जाने ही दो। पढ़ें पूरी खबर…
4. उज्जैन में भूतड़ी अमावस्या पर उमड़े श्रद्धालु, शिप्रा घाट और 52 कुंड में पवित्र स्नान
उज्जैन में बुधवार को भूतड़ी अमावस्या पर शिप्रा नदी के रामघाट और केडी पैलेस में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मान्यता है कि इस दिन शिप्रा नदी में डुबकी लगाने से पितरों को मोक्ष मिलता है जबकि केडी पैलेस स्थित 52 कुंड में स्नान करने से बुरी आत्माओं से मुक्ति मिलती है। इस दौरान कुछ श्रद्धालु हाथों में तलवार, लोहे की चेन और चाकू लेकर खुद को चोट पहुंचाते दिखे। पं. अमर डिब्बेवाला ने बताया कि राहु और सूर्य के योग के कारण भूतड़ी अमावस्या पर पितरों के निमित्त पूजन का विशेष महत्व है। इस पूजन के लिए रामघाट और सिद्धवट घाट विशेष स्थान माने जाते हैं। ज्ञात-अज्ञात पितरों के लिए पूजा करने से उन्हें मुक्ति और मोक्ष की प्राप्ति होती है। पढ़ें पूरी खबर…
5. बागेश्वर धाम में आरती के दौरान दीपक से जली साड़ी, बिहार से आई महिला झुलसी
छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम में आरती के दौरान जमीन पर रखे दीपक से बिहार निवासी 46 वर्षीय महिला की साड़ी में आग लग गई। वह गंभीर रूप से झुलस गई और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। बिहार के करियाघाट गांव निवासी 46 वर्षीय मंगला देवी पत्नी महेंद्र परिजन के साथ मंगलवार को बागेश्वर धाम दर्शन के लिए आई थीं। आरती के समय गदा स्थल के पास नीचे जमीन पर दीपक रखे हुए थे। इसी दौरान मंगला देवी की साड़ी दीपक की लौ की चपेट में आ गई। मौके पर मौजूद लोगों और धाम के सेवादारों ने तुरंत कंबल और अन्य साधनों की मदद से आग पर काबू पाया। डॉक्टरों के मुताबिक, महिला के हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए हैं। पढ़ें पूरी खबर…
6. MP में 4 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, 19 जिले भीगेंगे; बालाघाट में गिरा पानी

मध्य प्रदेश में बुधवार से आंधी-बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। प्रदेश में अगले 4 दिन तक मौसम बदला रहेगा। कहीं आंधी चलेगी तो कहीं पानी गिरेगा। मंगलवार-बुधवार की देर रात बालाघाट जिले में 1 इंच पानी गिर गया। बुधवार को दिन में भिंड, दतिया में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने रात में दक्षिण-उत्तरी हिस्से के 19 जिलों में बारिश होने का अनुमान जताया है। इनमें छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट में तेज बारिश हो सकती है। वहीं, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, भिंड, दतिया और निवाड़ी में गरज-चमक और हल्की बारिश होने का अनुमान है। यहां पर तेज आंधी भी चल सकती है। पढ़ें पूरी खबर…
7. 90 किमी की रफ्तार से गाय से टकराई बाइक, 12वीं के छात्र की हालत गंभीर

भिंड में मंगलवार रात 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही बाइक सड़क किनारे खड़ी गाय से टकरा गई। गाय करीब 20 फीट दूर उछलकर गिर पड़ी, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। हादसा देर रात करीब 1 बजे भिंड-दंदरौआ रोड पर तोमर पेट्रोल पंप के पास हुआ। उसे इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य के अनुसार, युवक की पहचान रोहित गौतम (17) के रूप में हुई है। वह कक्षा 12वीं का छात्र है और रात के समय किसी काम से घर से निकला था। बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे गाय से टकरा गया। पढ़ें पूरी खबर…
पॉजिटिव खबर
8. अस्पताल में मां का सहारा बना 5 साल का बेटा, गाना गाकर बढ़ा रहा हौसला

ग्वालियर में पांच साल के शौर्य उर्फ बेटू की मां अस्पताल में भर्ती है। एग्जाम चलने के बावजूद शौर्य लगातार अस्पताल में मां की सेवा करते हुए उनके टूटते मनोबल को बढ़ा रहा है। शौर्य यूकेजी का छात्र है। वह परीक्षा देकर सीधे मां के पास पहुंचता है। जब भी मां इस बात को लेकर उदास होती है कि वह परीक्षा के समय बेटे का ख्याल नहीं रख पा रही है, तो मासूम गाना सुनाकर मनोबल बढ़ाता नजर आता है। मासूम का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मां की आंखों में आंसू आ गए तो शौर्य ने गीत गुनगुनाया- ‘ओ मां मेरी मां, प्यारी मां’ जब तू गुस्सा करती है तो अच्छी लगती है मां।” सोशल मीडिया पर शौर्य का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
खबर जरा हटके
9. फोरलेन पर लगाया टेंट, बीच रोड बनाया खाना; रतलाम में रातभर डटे रहे करणी सैनिक

रतलाम में करणी सेना परिवार का विरोध प्रदर्शन मंगलवार रातभर जारी रहा। करणी सैनिकों ने महू नीमच फोरलेन पर टेंट लगाया, खाना बनवाया। खाना खाकर सड़क पर ही बिस्तर लगाकर सो गए। करणी सेना परिवार प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने कहा- हम कोई उपद्रव नहीं कर रहे हैं। कलेक्टर मैडम आएं…हमारी बात सुनें। जब तक हमारी बात नहीं सुनी जाएगी, हम यहीं सड़क पर बैठे रहेंगे।दरअसल, 11 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर करणी सेना, जीवनसिंह शेरपुर के नेतृत्व में मंगलवार को कलेक्ट्रेट का घेराव करने जा रही थी। जिसे रतलाम शहर से बाहर डोसी गांव में फोरलेन पर पुलिस ने रोक दिया था। पढ़ें पूरी खबर…
कल का बिग इवेंट
10. कल गुड़ी पड़वा, सभी जिला मुख्यालयों पर होगी सूर्य उपासना
मध्य प्रदेश सरकार ने भारतीय नववर्ष, विक्रम संवत और गुड़ी पड़वा के मौके पर प्रदेशभर में सूर्य उपासना कार्यक्रम आयोजित किया है। उज्जैन जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।