मध्य प्रदेश की जेल व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब महिला बंदियों को भी खुली जेल में रहने का अवसर मिलेगा। यह जानकारी जेल महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर ने ग्वालियर केंद्रीय जेल में आयोजित शांति संदेश कार्यक्रम के दौरान दी। यह कदम प्रदेश में चल रहे जेल सुधारों के तहत उठाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बंदियों के पुनर्वास और बेहतर जीवन की दिशा में पहल करना है। कार्यक्रम में सुधारात्मक सेवाओं के तहत स्वामी सुतीक्ष्णदास देवाचार्य महाराज भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि घृणा अपराध से होनी चाहिए, अपराधी से नहीं, क्योंकि सही मार्गदर्शन मिलने पर व्यक्ति बदल सकता है। डॉ. वरुण कपूर ने बताया कि प्रदेश की जेलों में कई नवाचार किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्वालियर केंद्रीय जेल की स्थिति साझा करते हुए बताया कि यहां वर्तमान में 134 महिला कैदी हैं, जिनके साथ 11 बच्चे भी रह रहे हैं। इसके अलावा जेल में 2937 पुरुष कैदी हैं, जिनमें 2800 सजायाफ्ता और 137 विचाराधीन कैदी शामिल हैं।
Source link