Last Updated:
इंदौर में हुए अग्निकांड में 8 लोग जिंदा जल गए. इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. अब मुख्यमंत्री मोहन यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और श्रद्धांजलि सभा में भी शामिल हुए. जहां मनोज पुगालिया के बेटे ने सौरभ ने CM से शिकायत भी की. वहीं बेटे ने चार्ज पर लगी गाड़ी से आग लगने की बात का खंडन किया.
इंदौर अग्निकांड में बेटे ने किया खुलासा
Indore Fire News: इंदौर में कल ब्रजेश्वरी एनएक्स कॉलोनी में भीषण आग ने आठ लोगों की जान ले ली, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. आज मुख्यमंत्री मोहन यादव खुद मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के बीच बैठकर उनका दुख साझा किया. CM श्रद्धांजलि सभा में भी शामिल हुए.
मृतक मनोज पुगलिया के बेटे सौरभ ने चार्ज पर लगी गाड़ी से आग लगने की बात का खंडन किया है. सौरभ ने कहा कि मेरे घर पर इलेक्ट्रिक कार का चार्जर ही कनेक्ट नहीं था, तो उससे आग कैसे लग सकती है. घर के पास मौजूद बिजली के पोल के ऊपर ब्लास्ट हो रहा है. उन्होंने कहा कि करंट फैलने से कुछ लोगों की मौत होने की आशंका जताई. उन्होंने कहा कि जब मैं घर के अंदर गया था, तो काफी पानी भरा हुआ था.
बेटे सौरभ ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से की शिकायत
श्रद्धांजलि के दौरान मनोज पुगलिया के बेटे सौरभ ने सीएम से शिकायत की. सौरभ ने सीएम को बताया कि फायर ब्रिगेड लेट मौके पर लेट आई थी. आधी दमकल खाली आई और फायर कर्मी शराब पीए हुए थे, पानी के टैंकर समय पर नहीं आए थे. इसके अलावा घटनास्थल की जगह किसी और स्थान पर चले गए, एंबुलेंस भी समय पर नहीं आई. अगर एंबुलेंस समय पर आती तो पिता को बचा लेते.
CM मोहन यादव ने कही ये बात
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह केवल औपचारिकता निभाने नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों के दुख में सहभागी बनने आए हैं. उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद ही सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए थे और अब सरकार जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने शोक सभा में पहुंचकर पीड़ित परिजनों का हाथ थामा और उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक परिवार का नहीं, पूरे प्रदेश का दुःख है. इस कठिन समय में सरकार हर कदम पर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है.
इंदौर अग्निकांड में 8 लोगों की हुई मौत
इंदौर में भीषण अग्निकांड हादसे में 8 लोगों की दुखद मौत हो गई थी. ईवी कार में शॉर्ट सर्किट से घर में आग गई थी. घर में मौजूद 12 लोगों में से 8 जिंदा जल गए थे, क्योंकि डिजिटल लॉक होने की वजह से घर के दरवाजा नहीं खुले थे. बाद एक साथ 8 लोगों का अंतिम संस्कार किया गया था.