Last Updated:
Jos Buttler IPL 2026: इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर को आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद है. गुजरात टाइटंस के लिए आगमी सीजन में उतरने वाले इस बल्लेबाज का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बेहद खराब प्रदर्शन रहा था. उनके बल्ले से आठ मैचों में सिर्फ 87 रन ही निकले थे.
जोस बटलर को आईपीएल में लय हासिल करने की उम्मीद.
नई दिल्ली. इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर ने कहा है कि टी20 वर्ल्ड कप के खराब प्रदर्शन के बाद कुछ दिन क्रिकेट से दूर रहने से उन्हें आईपीएल में मदद मिलेगी, जिसमें वह गुजरात टाइटन्स के साथ नई शुरुआत करना चाहते हैं. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बटलर को टीम का साथ मिलता रहा, भले ही भारत और श्रीलंका में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के दौरान वह रन बनाने के लिए जूझते रहे. वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की तरफ से ओपनिंग करते हुए बटलर ने आठ मैचों में सिर्फ 87 रन बनाए. उनका औसत 10.87 और स्ट्राइक रेट 116 रहा.
इंग्लैंड की टीम मुंबई में सेमीफाइनल में भारत से हारने के बाद बाहर हो गई थी. इस 35 साल के खिलाड़ी को उम्मीद है कि पांच मार्च को सेमीफाइनल में हारने के बाद उन्हें जो आराम मिला है, उससे उन्हें 28 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल में फायदा मिलेगा. बटलर ने ‘फॉर द लव ऑफ क्रिकेट’ पॉडकास्ट पर कहा, ‘मैं क्रिकेट से पूरी तरह दूर रहा. उस वक्त मेरे लिए यही सही था. मुझे इसी की जरूरत थी.’
गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल 2026 खेलेंगे बटलर.
उन्होंने कहा, ‘वर्ल्ड कप में मैं जैसा खेलना चाहता था, वैसा नहीं कर पाया. मुझे लगा कि मुझे क्रिकेट से कुछ समय के लिए दूर रहना चाहिए और खेल के बारे में न सोचूं. उस हफ्ते मैं क्रिकेट से पूरी तरह दूर रहा. इससे मुझे काफी ताजगी मिली.’ आईपीएल 2022 की विजेता गुजरात टाइटन्स टीम 31 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी. बटलर ने कहा, ‘धीरे-धीरे लेकिन पक्का, मैं थोड़ा सोच रहा हूं और समझ रहा हूं कि मेरे लिए और मेरे क्रिकेट के लिए क्या जरूरी है. ऐसा क्यों नहीं हुआ जैसा मैं चाहता था.’
बटलर ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में उनके कम रन बनाने की वजह मेहनत की कमी नहीं थी. भारत के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले उन्होंने नेट्स में काफी समय बिताया था ताकि अपनी फॉर्म वापस पा सकें, लेकिन इसके बाद भी वह 17 गेंदों में सिर्फ 25 रन ही बना सके. उन्होंने कहा, ‘क्या गलत हुआ, इसके बारे में मुझे खुद भी पूरी तरह समझ नहीं है. मैंने पूरी मेहनत और कोशिश की, लेकिन चीजें काम नहीं कर पाईं. कभी-कभी ऐसा भी होता है और इसे स्वीकार करना पड़ता है. मेहनत की कमी नहीं थी, बस जैसा सोचा था वैसा हो नहीं पाया.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें