Last Updated:
Dinesh Karthik-Deepika pallikal daughter name: टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर दिनेश कार्तिक 19 मार्च को दूसरी बार पिता बने. कार्तिक की पत्नी दीपिका पल्लीकल ने बेटी को जन्म दिया. बेटी के जन्म के बाद कार्तिक ने अपनी लाडली के नाम का खुलासा हुआ. कार्तिक-दीपिका ने बेटी का बहुत खूबसूरत नाम रखा है.
दिनेश कार्तिक ने बेटी का नाम राहा रखा है.
नई दिल्ली. दिनेश कार्तिक 19 मार्च को दूसरी बार पिता बने. कार्तिक की पत्नी दीपिका पल्लीकल ने बेटी को जन्म दिया है. भारतीय टीम के पूर्व विकेटकी पर ने अपनी बिटिया के नाम का खुलासा भी कर दिया है. कार्तिक ने बहुत ही क्रिएटिव स्टाइल में सोशल मीडिया पर अपनी लाडली के नाम को बताया. कार्तिक ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर बेटी के नाम का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि बेटी का नाम राहा पल्लीकल कार्तिक है. इसके कई अर्थ हैं. अरबी भाषा में ‘राहा’ का मतलब शांति या सुकून होता है. जबकि हिंदी और संस्कृत में इस नाम का मतलब ‘मार्ग’ या ‘रास्ता’ होता है. अफ्रीकी भाषा स्वाहिली में ‘राहा’ का अर्थ खुशी या परम आनंद होता है.
दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) और स्क्वैश स्टार दीपिका पल्लीकल (Deepika Pallikal) ने 25 अगस्त, 2015 को पारंपरिक हिंदू और ईसाई रीति-रिवाजों से शादी की थी. साल 2021 में उनके जुड़वां बच्चे हुए. जुड़वा बेटों का नाम कबीर और जियान है.कार्तिक ने दूसरी बार पिता बनने की जानकारी इंस्टाग्राम पर एक एनिमेटेड फोटो शेयर करके दी. उन्होंने फोटो का कैप्शन लिखा, ‘ दिल में आशीर्वाद और शब्दों से परे कृतज्ञता के साथ, हम खुशी-खुशी अपनी प्यारी बेटी का इस दुनिया में स्वागत करते हैं. कबीर और जियान अपनी छोटी बहन राहा पल्लीकल कार्तिक से मिलवाने के लिए बहुत उत्साहित हैं. दीपिका और दिनेश.’ एनिमेटेड फोटो में दिखाया गया है कि एक झूले में नवजात को दो बच्चे देख रहे हैं.
दीपिका की प्रेग्नेंसी प्राइवेट रखी गई
दीपिका पल्लीकल की प्रेग्नेंसी को प्राइवेट रखा गया था. हालांकि मीडिया को भी खबर नहीं थी कि कार्तिक दूसरी बार पिता बनने वाले हैं. पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर कार्तिक का विकेटकीपर और बल्लेबाज के रूप में शानदार करियर रहा है. प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कोचिंग और कमेंट्री की भूमिका निभाई. दो दशकों से अधिक समय तक उन्होंने टेस्ट, वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और बाद में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मेंटर और बल्लेबाजी कोच के रूप में काम किया.
दीपिका पल्लीकल टॉप 10 में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं
दीपिका पल्लीकल ने विश्व की शीर्ष 10 रैंकिंग में जगह बनाने वाली पहली भारतीय महिला बनकर भारतीय स्क्वैश में इतिहास रच दिया था. पद्म श्री से सम्मानित दीपिका ने राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में कई पदक जीते हैं, जिससे देश की सबसे सफल खिलाड़ियों में उनकी स्थिति और मजबूत हो गई है. उन्होंने आखिरी बार अक्टूबर 2023 में हांगझोऊ एशियाई खेलों में भाग लिया था, जहां उन्होंने मिश्रित युगल में स्वर्ण पदक जीता था. 2022 की शुरुआत में मातृत्व अवकाश से लौटने के बाद, उन्होंने शानदार वापसी की और विश्व युगल स्क्वैश चैंपियनशिप में दो खिताब जीते और 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक हासिल किया.
दिनेश कार्तिक आरसीबी के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं
वर्तमान में दिनेश कार्तिक आरसीबी के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं और टीम के बल्लेबाजी कोच के रूप में कार्यरत हैं. वह एक अनुभवी टीम का हिस्सा हैं जिसमें मुख्य कोच के रूप में एंडी फ्लावर और गेंदबाजी कोच के रूप में ओमकार साल्वी शामिल हैं.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें