बुरहानपुर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान गुरुवार को शुरू हुआ। इस अभियान का उद्देश्य पानी की हर बूंद बचाना और जल संरक्षण की दिशा में मजबूत पहल करना है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर ताप्ती नदी के राजघाट पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक अर्चना चिटनिस, महापौर माधुरी पटेल, जिला पंचायत सीईओ व अपर कलेक्टर सृजन वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। राजघाट पर मां ताप्ती के किनारे विधिवत पूजन और शपथ के साथ अभियान की शुरुआत हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान किया। उन्होंने कचरा एकत्र कर स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर बोरी बंधान कार्य का भी शुभारंभ किया गया। जल संरक्षण के लिए शपथ ली
विधायक अर्चना चिटनिस ने जल गंगा संवर्धन अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सभी की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जल संरक्षण और संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए उपस्थित लोगों को प्रेरित किया। महापौर माधुरी पटेल ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों में भी वर्षा जल को सहेजने की व्यवस्था करें। उन्होंने जल संरक्षण के प्रयासों में सहभागी बनने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक शपथ भी ली गई। इस अभियान के माध्यम से न केवल जल स्रोतों का पुनर्जीवन किया जाएगा, बल्कि आमजनों को भी इससे जोड़कर इसे एक जन-आंदोलन के रूप में विकसित किया जाएगा।
Source link