बैतूल में एचपीवी टीकाकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘टीका लगाओ, उपहार पाओ’ योजना शुरू की गई है। चैत्र नवरात्र के पहले दिन और अंतर्राष्ट्रीय खुशहाली दिवस पर जिला चिकित्सालय के उमंग स्वास्थ्य केंद्र में इस योजना का शुभारंभ हुआ। इसका मुख्य लक्ष्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम करना है। इस कार्यक्रम का आयोजन मध्य प्रदेश के आनंद विभाग से संबद्ध राज्य आनंद संस्थान के ताप्ती आनंद क्लब और मां शारदा सहायता समिति ने किया। कार्यक्रम संयोजक शैलेंद्र बिहारिया ने बताया कि इस अभियान में वर्ष 2011 में जन्मी बालिकाएं और वर्ष 2012 के जनवरी, फरवरी तथा मार्च माह में जन्मी पात्र बालिकाएं शामिल हैं। योजना के शुभारंभ के दौरान बालिकाओं को तिलक लगाकर और आरती उतारकर सम्मानित किया गया। उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित करते हुए उपहार भी दिए गए। जिला चिकित्सालय की आरएमओ डॉ. रानू वर्मा ने इस पहल को अभिनव बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करेगी और अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीका अवश्य लगवाएं। इस अवसर पर महेश गुंजेले, हिमांशु सोनी, संतोष धुर्वे, प्रकाश बंजारे, प्रकाश माकोड़े सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में अंशिका सोनी और हर्षिता साहूकार को टीका लगवाने के बाद उपहार देकर सम्मानित किया गया।
Source link