अशोकनगर शहर के देहात थाना क्षेत्र में तुलसी सरोवर तालाब के पास हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों का शहर में जुलूस भी निकाला। इस घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी ‘रॉयल’ नाम से एक समूह चलाते हैं, जिसका उद्देश्य मारपीट और दहशत फैलाना है। देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा ने बताया कि यह घटना 16 मार्च की शाम को हुई थी। दीपक रघुवंशी, अमित शर्मा और उमेश अहिरवार तुलसी सरोवर के टापू की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान आंवरी गांव निवासी राहुल अहिरवार वहां से गुजरा। उसने अपने साथी सचिन, दिलीप और कुछ अन्य लोगों को बुला लिया। इसके बाद इन सभी ने मिलकर तीनों युवकों के साथ मारपीट की। पुरानी रंजिश के चलते की थी मारपीट
पुलिस के अनुसार, यह मारपीट राहुल और उमेश के बीच चल रही पुरानी रंजिश का परिणाम थी। दोनों आंवरी गांव के निवासी हैं और कुछ समय पहले उनके बीच विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद एक दिन उमेश और राहुल का आमना-सामना हुआ, जिस पर उमेश के दोस्त दीपक रघुवंशी ने राहुल को चांटा मार दिया था। इसी बात को लेकर राहुल रंजिश पाले हुए था। घटना वाले दिन राहुल ने तीनों को अकेला जाते देखा और अपने ‘रॉयल’ गैंग के साथियों को बुला लिया। इसके बाद उन्होंने मिलकर मारपीट की। पुलिस ने घटना के अगले दिन, यानी 17 मार्च को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। गुरुवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर शाम के समय उनका जुलूस निकाला गया। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि इस तरह की गैंग बनाकर घटना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
Source link