शाजापुर में चैत्र नवरात्रि पर निकली भगवान श्रीराम की शोभायात्रा: सैकड़ों भक्तों ने हाथों से खींचा रथ; ड्रोन कैमरों से निगरानी, जयकारों से गूंजा नगर – shajapur (MP) News

शाजापुर में चैत्र नवरात्रि पर निकली भगवान श्रीराम की शोभायात्रा:  सैकड़ों भक्तों ने हाथों से खींचा रथ; ड्रोन कैमरों से निगरानी, जयकारों से गूंजा नगर – shajapur (MP) News




हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि के पहले दिन गुरुवार देर शाम शाजापुर नगर में भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हिंदू युवा संगठन द्वारा आयोजित इस यात्रा का यह दसवां वर्ष था। महुपुरा चौराहा स्थित श्रीराम मंदिर से शुरू हुई इस शोभायात्रा में सैकड़ों रामभक्तों ने अपने हाथों से प्रभु का रथ खींचा और पूरे मार्ग में भगवा ध्वज लहराते हुए जयघोष किया। इंदौर के श्री रणजीत हनुमान रथ की प्रतिकृति पर विराजे प्रभु शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की प्रतिमाओं के लिए तैयार किया गया विशेष रथ था। यह रथ इंदौर में हनुमान अष्टमी पर निकलने वाली श्री रणजीत हनुमान जी की शोभायात्रा के रथ की तर्ज पर बनाया गया था। चंदेरी की ढोल पार्टी, डमरू दल और शंखनाद के साथ शोभायात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी 10 किमी लंबी यात्रा महुपुरा चौराहा से शुरू होकर यह यात्रा महुपुरा रपट, किलारोड़, छोटा चौक, आजाद चौक, नई सड़क, टेंशन चौराहा और सोमवारिया बाजार जैसे प्रमुख क्षेत्रों से गुजरी। रात 10 बजे शोभायात्रा का समापन ओंकारेश्वर महादेव मंदिर पर हुआ। मार्ग में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। ड्रोन कैमरों और चाक-चौबंद पुलिस व्यवस्था के बीच आयोजन सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने शोभायात्रा के पूरे मार्ग पर कड़े इंतजाम किए थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पहली बार ड्रोन कैमरों के जरिए भीड़ और संवेदनशील इलाकों की निगरानी की। हिंदू युवा संगठन ने आयोजन की सफलता पर सभी रामभक्तों का आभार व्यक्त किया है।



Source link