श्री हरि सुंदरकाण्ड मंडल ने जीता प्रथम पुरस्कार: पेटलावद में नव वर्ष और मंगल भट्ट स्मृति प्रतियोगिता; ‘जय श्री राम’ के उद्घोष गूंजा परिसर – Jhabua News

श्री हरि सुंदरकाण्ड मंडल ने जीता प्रथम पुरस्कार:  पेटलावद में नव वर्ष और मंगल भट्ट स्मृति प्रतियोगिता; ‘जय श्री राम’ के उद्घोष गूंजा परिसर – Jhabua News




पेटलावद में हिंदू नव वर्ष और स्वर्गीय मंगल भट्ट की स्मृति में ‘पंचम सुंदरकाण्ड प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। श्री बजरंग रामायण मंडल के देखरेख में आयोजित यह प्रतियोगिता बुधवार शाम 8 बजे शुरू होकर देर रात 1:30 बजे तक चली। इसमें बड़ी संख्या में पुरुष और महिला श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा परिसर ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से गूंज उठा। प्रतियोगिता का शुभारंभ ग्वालियर के सुंदरकाण्ड वक्ता और लेखक अंकित शर्मा ने गणेश वंदना और हनुमान चालीसा के साथ किया। उन्होंने अपनी प्रस्तुति और चौपाइयों की व्याख्या से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्णायक के रूप में शर्मा ने शब्द उच्चारण की शुद्धता और गायन की मौलिकता को मूल्यांकन का मुख्य आधार बनाया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद, स्वर्गीय मिठालालजी नंदलालजी अग्रवाल की स्मृति में दिया जाने वाला 22,222 रुपये का प्रथम पुरस्कार श्री हरि सुंदरकाण्ड मण्डल (बरमंडल), प्रतापगढ़, राजस्थान ने जीता। भक्ति मंडलों को स्मृति पुरस्कारों से सम्मानित किया द्वितीय पुरस्कार 15,555 रुपए स्वर्गीय मोहनलालजी चोयल की स्मृति में राजू चोयल आशापुरा मोबाइल की ओर से श्री महाकाल म्यूजिकल ग्रुप धामनोद (निमाड़) को प्रदान किया गया। तृतीय पुरस्कार 11,111 रुपए स्वर्गीय डॉ. देवेन्द्र प्रसादजी भट्ट की स्मृति में पत्रकार वीरेन्द्र भट्ट द्वारा श्री प्रेम म्यूजिकल सुंदरकांड ग्रुप सुठालिया (ब्यावरा) को दिया गया। चतुर्थ पुरस्कार 7,777 रुपए स्वर्गीय रघुवीरसिंहजी गौड की स्मृति में श्री लवकुश बन्धु भक्ति मण्डल बिजयनगर (अजमेर) को मिला। पंचम पुरस्कार 6,666 रुपए स्वर्गीय पुरुषोतमजी सामवेदी की स्मृति में दिया गया। राम दरबार की ओर से श्री रामदास रामायण मण्डल अलीराजपुर को, और षष्टम पुरस्कार 5,555 रुपए स्वर्गीय विजयजी देवडा की स्मृति में श्री सनमुख सुंदरकाण्ड परिवार सुखसर (गुजरात) को दिया गया। आरती के साथ कार्यक्रम सम्पन्न, सहयोगियों का मंच पर सम्मान आयोजन में महिलाओं के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की गई थी। स्वल्पाहार का प्रबंध पाटीदार ट्रैक्टर के रोहित पाटीदार एवं राहुल पाटीदार ने किया। कार्यक्रम के समापन से पहले प्रभु की आरती की गई। सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को मंच पर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम का संचालन बजरंग रामायण मंडल के विकास चौहान ने किया।



Source link