सिवनी जिले के आदिवासी बहुल विकास खंड धनोरा में 19 मार्च, गुरुवार को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत सामूहिक विवाह/निकाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें धनोरा जनपद पंचायत की 47 पंचायतों से आए युवक-युवतियों ने विवाह बंधन में प्रवेश किया। धनोरा के खेल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 100 जोड़ों ने दाम्पत्य जीवन की शुरुआत की। इनमें हिंदू रीति-रिवाज, गोंडी धर्म के अनुसार विवाह और निकाह संपन्न कराए गए। तीनों समुदायों के लिए पंडित, धर्माचार्य और मौलाना उपस्थित थे। जनपद पंचायत धनोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और कर्मचारी वधू पक्ष की ओर से कार्यक्रम में शामिल हुए और द्वारचार सहित अन्य रस्में पूरी कीं। वहीं, जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, जनपद सदस्य, सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि दूल्हे के पक्ष से बराती बनकर विवाह स्थल पहुंचे। विवाह संपन्न होने के दौरान सभी जोड़ों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। मंडप में उपस्थित सभी लोगों से आग्रह किया गया कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें, क्योंकि नशा परिवार और समाज के लिए हानिकारक है। सभी ने नशामुक्ति की शपथ ली और अपने आसपास के लोगों को भी व्यसनों से दूर रहने की सलाह देने का संकल्प लिया। विवाह के उपरांत अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया तथा फूल-मालाएं भेंट कर उनके वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम स्थल पर किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधि को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। इस आयोजन में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक ठाकुर रजनीश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Source link