Last Updated:
MP Traffic Problem: खरगोन के मंडलेश्वर में अतिक्रमण के कारण ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है. बस स्टैंड और राजीव गांधी प्रतिमा के पास सड़क पर ठेले लगने से जाम की स्थिति बनी रहती है. इससे न सिर्फ आम लोगों बल्कि दुकानदारों को भी भारी परेशानी हो रही है. स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. नगर परिषद ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
MP Traffic News: खरगोन जिले के धार्मिक नगर मंडलेश्वर में इन दिनों ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है. यहां रोज सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के चलते हालात काफी खराब हो गए हैं. शहर के बीच से गुजरने वाला स्टेट हाइवे अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है. स्थिति यह है कि सड़क के बड़े हिस्से पर अतिक्रमण हो चुका है. जहां पहले बस आसानी से निकल जाती थी, वहां अब बाइक निकालना भी मुश्किल हो गया है. इससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को रोज दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
मंडलेश्वर के मुख्य बस स्टैंड से गुजरने वाले बड़वाह-धामनोद स्टेट हाइवे पर बस स्टैंड के पास सबसे ज्यादा समस्या देखने को मिल रही है. यहां फल विक्रेताओं ने सड़क किनारे ही नहीं, बल्कि सड़क के बीच तक कब्जा कर लिया है. इससे ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है और हर समय जाम जैसी स्थिति बनी रहती है. सड़क पर फैले इस अतिक्रमण की वजह से न सिर्फ वाहन चालकों को परेशानी हो रही है, बल्कि पैदल चलने वालों के लिए भी रास्ता कम पड़ गया है. लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर निकलना अब रोज की चुनौती बन गया है.
राजीव गांधी प्रतिमा के पास हालात ज्यादा खराब
सबसे ज्यादा दिक्कत राजीव गांधी प्रतिमा स्थल और पुलिस चौकी के पास देखी जा रही है. यहां फलों के ठेले वालों ने सड़क पर ही दुकानें लगा रखी हैं. धीरे-धीरे उन्होंने आसपास खाली कैरेट रखकर और ज्यादा जगह घेर ली है. इस अतिक्रमण के कारण सड़क लगभग बंद सी हो गई है. लोग बताते हैं कि यहां से निकलने में काफी समय लग जाता है और कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है. खासकर बाइक और छोटे वाहनों को निकलने में सबसे ज्यादा परेशानी होती है.
पास की दुकानों पर ग्राहक नहीं पहुंच रहे
इस समस्या का असर आसपास के दुकानदारों पर भी पड़ रहा है. स्थानीय निवासी मनोज मौर्य ने बताया कि उनकी मोबाइल और रिचार्ज की दुकान है, लेकिन ग्राहक उनके पास आसानी से नहीं पहुंच पाते. जब ग्राहक वाहन लेकर आते हैं तो ठेले वाले उन्हें रोकते हैं या झगड़ा करते हैं. उन्होंने बताया कि इस बारे में कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. इससे छोटे व्यापारियों की आय पर सीधा असर पड़ रहा है.
होटल संचालक ने लगाया भेदभाव का आरोप
स्थानीय होटल संचालक बाबूलाल पाटीदार ने बताया कि यह नगर का सबसे व्यस्त मार्ग है, जहां पहले से ही ट्रैफिक का दबाव रहता है. लेकिन अब सड़क पर दुकानों के कारण हालात और खराब हो गए हैं. उनके होटल के सामने भी ठेले लगने से ग्राहकों को आने में परेशानी होती है. उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद ने पहले उनके होटल के सामने लगा शेड हटवा दिया, जिससे उन्हें करीब 60 हजार रुपये खर्च कर नया इंतजाम करना पड़ा. लेकिन वहीं दूसरी तरफ फलों के व्यापारियों को सड़क पर दुकान लगाने की अनुमति दी जा रही है. उन्होंने इसे भेदभाव बताया.
नगर परिषद ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
इस पूरे मामले पर जब नगर परिषद के सीएमओ संजय रावल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि परिषद समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करती है. बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण की जानकारी उन्हें लोकल18 के के माध्यम से मिली है. जल्द ही मौके का निरीक्षण किया जाएगा और स्थिति के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारी जा सके.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें