Last Updated:
Laxman Sivaramakrishnan allegations against BCCI: भारतीय क्रिकेटर टीम पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने बीसीसीआई पर गंभीर आरोप लगाए हैं. लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने रंगभेद का आरोप लगाते हुए बीसीसीआई की कमेंट्री से संन्यास लेने का ऐलान किया है. लक्ष्मण शिवरामकृष्णन के आरोप से भारतीय क्रिकेट में सनसनी मच गई है.
लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने बीसीसीआई के कमेंट्री से लिया संन्यास
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के क्रिकेटर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के कमेंट्री पैनल से हटने का ऐलान किया है. कमेंट्री पैनल से हटने के पीछे का मुख्य कारण टॉस और पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान प्रजेंटर की भूमिका में अवसरों की कमी है. इसी वजह से लक्ष्मण शिवरामकृष्णन अपने कमेंट्री करियर को समाप्त करने का कारण बताया.
शिवरामकृष्णन ने 1980 के दशक की शुरुआत में 17 साल की उम्र में अपनी दमदार लेग-स्पिन गेंदों, गूगली और टॉप स्पिन से हलचल मचा दी थी. भले ही उनका क्रिकेट करियर लंबा नहीं चला लेकिन इसके बाद उन्होंने कमेंटेटर के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई. शिवरामकृष्णन ने ट्वीट की एक सीरीज में अपनी निराशा व्यक्त की, जिससे पता चलता है कि वह अपने काम से संतुष्ट नहीं थे. उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘मैं बीसीसीआई के लिए कमेंट्री से संन्यास ले रहा हूं.’’
शिवरामकृष्णन ने रंगभेद का भी लगाया आरोप
शिवरामकृष्णन ने कहा, ‘‘पिछले 23 वर्षों से मुझे टॉस और पुरस्कार वितरण समारोह के लिए नहीं भेजा गया. जबकि नए लोग पिच रिपोर्ट, टॉस और पुरस्कार वितरण समारोह के लिए भेजे जाते रहे. मुझे उस समय भी नहीं भेजा गया जब रवि शास्त्री कोचिंग कर रहे थे, तो इसका मतलब क्या हो सकता है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई के अधिकार रखने वाली कंपनी का क्या हाल होता है कोई भी इसका अंदाजा लगा सकता है. मेरा संन्यास लेना कोई बड़ी बात नहीं है लेकिन टीवी प्रोडक्शन की एक नई कहानी सामने आ रही है. जल्द ही आपके सामने पूरी तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी.’’
जब एक यूजर ने पूछा कि क्या उनकी त्वचा का रंग कोई मुद्दा है, तो शिवरामकृष्णन ने जवाब दिया, ‘‘आप सही हैं. रंगभेद.’’ 60 वर्षीय शिवरामकृष्णन को दो दशक से अधिक समय तक कमेंट्री बॉक्स के अंदर खुलकर अपने विचार व्यक्त करने के लिए जाना जाता रहा. शिवा नाम से मशहूर शिवरामकृष्णन ने भारत की तरफ से 1983 से 1986 के बीच नौ टेस्ट मैच और 16 वनडे खेले. वह 2000 में कमेंट्री से जुड़े. उन्होंने आईसीसी क्रिकेट समिति में खिलाड़ी प्रतिनिधि के रूप में भी कार्य किया.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें