इंदौर अग्निकांड: शॉर्ट सर्किट या बिजली पोल बना वजह? जांच शुरू

इंदौर अग्निकांड: शॉर्ट सर्किट या बिजली पोल बना वजह? जांच शुरू


Last Updated:

इंदौर के अर्हम विला में हुए अग्निकांड में 8 लोगों की मौत के बाद अब आग लगने के कारणों को लेकर नया मोड़ आ गया है. परिजनों ने बिजली के पोल से स्पार्किंग को वजह बताया है, जबकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट सामने आया था. पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

इंदौर में हुए अग्निकांड में पुलिस नए सिरे से जांच कर रही है.

मिथिलेश गुप्‍ता
इंदौर. 
ब्रजेश्वरी एनएक्स स्थित अर्हम विला में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया है. इस दर्दनाक हादसे में पुगलिया परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद अब आग लगने के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. जहां शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की बात सामने आई है, वहीं परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि आग की शुरुआत सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में हुई स्पार्किंग से हुई. इस दावे ने जांच को नया मोड़ दे दिया है और अब पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है.  इस संबंध में एक वीडियो भी सामने आया है.

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार जांच में जुटी हैं. अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें पड़ोसी, बचाव करने वाले और फायर ब्रिगेड को सूचना देने वाले लोग शामिल हैं. प्रत्यक्षदर्शियों ने बिजली के तारों से चिंगारी गिरने और पटाखों जैसी आवाजें आने की बात कही है. वहीं, परिजनों के बयान और सामने आए वीडियो से भी यह संकेत मिल रहा है कि आग की शुरुआत बाहरी स्रोत से हो सकती है. ऐसे में अब जांच का दायरा और विस्तृत किया जा रहा है.

शॉर्ट सर्किट या पोल स्पार्किंग, जांच के केंद्र में कारण
एडीशनल डीसीपी अमरेन्द्र सिंह के मुताबिक शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगना सामने आया है. हालांकि परिजनों के दावे और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान इस थ्योरी को चुनौती दे रहे हैं. पुलिस अब तकनीकी जांच के जरिए यह स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है कि आग घर के अंदर से शुरू हुई या बाहर से.

प्रत्यक्षदर्शियों के बयान बने अहम सुराग
आसपास के लोगों ने बताया कि घटना से पहले बिजली के तारों से लगातार चिंगारियां गिर रही थीं. कई लोगों ने पटाखों जैसी आवाजें भी सुनीं. पड़ोसी महेंद्र जैन ने पीड़ित परिवार के कुछ सदस्यों को बाहर निकालने में मदद की. उनके अलावा मनोज जैन और विजय जुनेजा सहित अन्य लोगों से भी पुलिस ने पूछताछ की है.

परिवार के बयान से खुलेगा घटनाक्रम
पुलिस अब मनोज पुगलिया की पत्नी सुनीता, बेटे सौरभ और अन्य परिजनों के बयान दर्ज करने की तैयारी में है. शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगते ही परिवार के सदस्य जाग गए थे और बचाव की कोशिश की गई. लेकिन धुआं तेजी से फैलने के कारण स्थिति बिगड़ गई. इन बयानों से आग की शुरुआत और फैलाव का सही क्रम सामने आ सकेगा.

तीन मंजिला मकान में तेजी से फैली आग, घर में कमर्शियल सिलेंडर क्‍यों? 
बुधवार को हुए इस हादसे में आग ने कुछ ही समय में मकान के तीनों फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया. ऊपरी मंजिलों तक धुआं और आग तेजी से पहुंची, जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो गया. इसी कारण सबसे ज्यादा नुकसान ऊपरी फ्लोर पर हुआ. जांच में यह भी सामने आया है कि घर में एक दर्जन से ज्यादा कमर्शियल सिलेंडर रखे थे. आग लगने के बाद इनमें विस्फोट हुआ, जिससे स्थिति और भयावह हो गई. फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर बिजली सप्लाई चालू थी, जिससे करंट फैलने का खतरा भी बढ़ गया. घर में कमर्शियल सिलेंडर रखने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. नियमों के अनुसार ऐसे सिलेंडर केवल व्यावसायिक उपयोग के लिए होते हैं. प्रशासन अब इस पहलू की भी जांच कर रहा है कि कहीं सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं हुई.

About the Author

Sumit verma

सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्‍थानों में सजग जिम्‍मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें



Source link