कटनी जिले के बहोरीबंद में बाकल पठार के पटीराजा ग्राम सहित आसपास के इलाकों में शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अचानक पानी गिरा। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में पककर तैयार खड़ी और कटकर रखी फसलें पूरी तरह भीग गईं, जिससे भारी नुकसान की आशंका है। क्षेत्रीय किसानों ने बताया कि गेहूं, चना, मसूर और सरसों की फसलें पूरी तरह तैयार थीं और कई जगह कटाई का काम भी शुरू हो चुका था। अचानक गिरे ओलों और तेज बारिश की वजह से कटी हुई फसलें खेतों में ही गीली हो गई हैं। किसानों का कहना है कि इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी साल भर की मेहनत और जमापूंजी पर पानी फेर दिया है। मार्च में लौटी ठिठुरन इस ओलावृष्टि का असर केवल खेती तक ही सीमित नहीं रहा। अचानक हुई बारिश और ठंडी हवा के कारण पूरे जिले के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मार्च के महीने में एक बार फिर कड़ाके की ठंड और ठिठुरन का अहसास होने लगा है, जिससे आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। मुआवजे की मांग भारी नुकसान को देखते हुए क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। किसानों की मांग है कि राजस्व विभाग की टीम जल्द से जल्द खेतों का सर्वे करे और फसलों के नुकसान का सही आकलन कर उचित मुआवजा दिलाए, ताकि उन्हें इस संकट की घड़ी में कुछ राहत मिल सके।
Source link