छतरपुर में कुएं में मिला तेंदुए का शव: बंसिया हार गांव में बदबू फैलने पर पता चला; शनिवार को होगा पोस्टमार्टम – Chhatarpur (MP) News

छतरपुर में कुएं में मिला तेंदुए का शव:  बंसिया हार गांव में बदबू फैलने पर पता चला; शनिवार को होगा पोस्टमार्टम – Chhatarpur (MP) News




छतरपुर जिले के चंदला थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बंसिया हार में एक बिना मुंडेर के कुएं में तेंदुए का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार को बदबू आने के बाद इस घटना का पता चला। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, तेंदुए की मौत 5 से 7 दिन पहले हुई होगी। सूचना मिलते ही वन मंडल अधिकारी ऋषि मिश्र के नेतृत्व में वन विभाग का अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। वन विभाग ने शिकार की आशंका को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। रात होने के कारण शुक्रवार को तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिसे अब शनिवार को किया जाएगा। कुएं से बदबू आने पर पता चला जानकारी के अनुसार, बंसिया हार में स्थित यह कुआं बिना मुंडेर का है और इससे लगभग आधा किलोमीटर दूर अग्निहोत्री परिवार रहता है। शुक्रवार को जब उन्हें तेज बदबू महसूस हुई, तो उन्होंने खेत स्थित कुएं में झांककर देखा, जहां तेंदुए का शव दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस और वन विभाग को सूचित किया। वन मंडल अधिकारी मिश्रा के साथ एसडीओ स्वामी कार्तिक नायक और रेंजर नीलेश प्रजापति भी वन अमले के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। तेंदुए के शव को कुएं से बाहर निकालने के लिए खटिया का उपयोग किया गया। पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र से पहुंची चिकित्सकों की टीम ने रात होने के कारण शव को पैक करके रख दिया है। शनिवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, पन्ना टाइगर रिजर्व से डॉग स्क्वायड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर विस्तृत जांच करेगी।



Source link