देवास में आगामी त्योहारों, विशेषकर ईद और नवरात्रि को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शुक्रवार शाम चांद दिखने के बाद ईद का पर्व मनाया जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। इसका उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर
एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। फ्लैग मार्च के जरिए संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी दर्ज कराई जा रही है। पुलिस के अनुसार, जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह फ्लैग मार्च किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Source link