धूमधाम से मनाया भैंसे का बर्थडे! केक काटा-डीजे पर डांस, चौंका देगा डाइट खर्च

धूमधाम से मनाया भैंसे का बर्थडे! केक काटा-डीजे पर डांस, चौंका देगा डाइट खर्च


Last Updated:

Burhanpur News: रन (भैंसा) के मालिक क्रिश परीवाले ने लोकल 18 को बताया कि वह रन को बचपन से भाई की तरह पाल रहे हैं. इसका जन्म 9 साल पहले घर पर ही हुआ था. रन के जन्म के मौके पर भी परिवार ने ढोल-ताशे बजाए थे और मिठाई बांटी थी.

बुरहानपुर. अभी तक आपने इंसानों को अपना जन्मदिन मनाते हुए देखा होगा. लोगों को अपने पालतू जानवर जैसे- कुत्ते-बिल्लियों का भी जन्मदिन मनाते हुए देखा होगा लेकिन क्या आपने कभी किसी को अपने पालतू भैंसे का जन्मदिन मनाते हुए देखा है. हम बात कर रहे हैं मध्य प्रदेश के बुरहानपुर के भैंसे (पाड़ा या हेला) रन की. परिवार ने इसे रन नाम दिया है. वे इसे अपने बच्चों की तरह पालते हैं. वे हर साल धूमधाम से रन का जन्मदिन मनाते हैं. यह उसका 9वां बर्थडे था. प्रतापपुरा क्षेत्र के रहने वाले परीवाले परिवार की ओर से रन का केक काटकर 9वां जन्मदिन मनाया गया और इस मौके पर पूरे मोहल्ले में मिठाई बांटी गई. रन को पूरे क्षेत्र में घुमाया गया. इस बर्थडे पार्टी में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जो डीजे पर नाचते हुए नजर आए.

रन के मालिक क्रिश परीवाले ने लोकल 18 से कहा कि वह रन को बचपन से भाई की तरह पाल रहे हैं. इसका जन्म 9 साल पहले हमारे घर पर ही हुआ था. उसके जन्म के अवसर पर भी हमने ढोल-ताशे बजाए थे. हमने उसका नाम रन रखा. परिवार को बड़ी खुशी हुई थी और तब से हम हर साल रन का जन्मदिन मनाते आ रहे हैं. इस बार भी रन का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया. परिवार के लोगों ने उसकी आरती उतारी. उसे फूलमाला पहनाकर पूरे क्षेत्र में मिठाई बांटी गई. इसके बाद क्षेत्र में डीजे बजाते हुए रन को घुमाया गया. यह नजारा देख युवा अपने आपको रोक नहीं पाए और उन्होंने डीजे पर नाचना शुरू कर दिया.

हर महीने रन की डाइट का खर्च 30 हजार रुपये
क्रिश परीवाले ने आगे बताया कि हमने रन की डेली डाइट भी बना रखी है. उसे सुबह-शाम 10 लीटर दूध पिलाया जाता है. हम उसे 100 ग्राम देसी घी देते हैं और 500 ग्राम ड्राईफ्रूट्स खली में मिलाकर खिलाते हैं. यदि इसकी एक महीने की डाइट के खर्च की बात करें, तो करीब 30 हजार रुपये इसपर खर्च किए जाते हैं. हम अपने खर्चों को कम कर लेते हैं लेकिन इसकी डाइट में कोई कमी नहीं करते हैं. वहीं रन को हम रोज एक्सरसाइज भी कराते हैं, जिससे वह स्वस्थ रहे. वह अब तक चार दंगल जीत चुका है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link