विदिशा में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज गर्जना, बिजली और हवाओं के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीण इलाकों में कई जगह फसलों को नुकसान पहुंचा है। कुरवाई तहसील के मंडी बामोरा क्षेत्र में अचानक काले बादल छा गए और कुछ ही देर में ओलावृष्टि शुरू हो गई। सीहोरा, ककरुआ, लेटनी, पीकलोन, गुदावल, गंभीरिया सहित आसपास के करीब एक दर्जन गांव प्रभावित हुए। शमशाबाद तहसील के कई गांवों में भी ओले गिरे। दो तस्वीरों में देखिए ओलावृष्टि… तैयार फसल को झटका
इस समय खेतों में गेहूं, चना और सरसों की फसलें पूरी तरह पककर तैयार खड़ी थीं, जबकि कई जगह कटाई भी शुरू हो चुकी थी। ओलावृष्टि से गेहूं की बालियां टूटकर जमीन पर गिर गईं, वहीं चना और सरसों को भी नुकसान हुआ है। कम समय में थमी ओलावृष्टि, नुकसान सीमित
हालांकि ओलावृष्टि ज्यादा देर तक नहीं चली, जिससे नुकसान कुछ हद तक सीमित रहा है। किसान अब खेतों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Source link