शव्वाल का चांद नजर आने के साथ ही रमजान का पवित्र महीना समाप्त हो गया है। चांद दिखाई देने की पुष्टि के बाद घोषणा की गई कि ईद-उल-फितर का त्योहार कल (शनिवार) मनाया जाएगा। इस खबर के बाद मुस्लिम समाज में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया। ईद की नमाज के लिए मस्जिदों और ईदगाहों में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार शाम को सतना में रोजेदारों ने ईद का चांद देखा और अलविदा जुमा की नमाज अदा की। रमजान के पूरे महीने रोजा, इबादत और दुआओं में समय बिताने के बाद अब लोग ईद की तैयारियों में जुट गए हैं। बाजारों में देर रात तक खरीदारी जारी रही। लोगों से नमाज शांति और अनुशासन के साथ अदा करने तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई। समाजसेवी जिया बेग ने बताया कि ईद-उल-फितर खुशियों, आपसी प्रेम और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक पर्व है, जो लोगों को मिल-जुलकर खुशियां बांटने और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश देता है। शुक्रवार को शहर की सभी मस्जिदों में रमजान के अलविदा जुमा की नमाज भी पढ़ी गई। इस दौरान मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ देखी गई। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और अल्लाह से अपने गुनाहों की माफी मांगी।
Source link