Last Updated:
Virat Kohli Opening Partner IPL 2026: आईपीएल 2025 में आरसीबी के लिए विराट कोहली के साथ फिल साल्ट ने ओपनिंग करते हुए टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई और पहला खिताब दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई. इस बार भी यह जोड़ी तहलका मचाने उतरेगी. हालांकि, जेकब बेथल भी ओपनिंग के दावेदार हैं. पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने चुनी आरसीबी की अपनी प्लेइंग-11 में इस बल्लेबाज को ओपनर बनाया है.
जेकब बेथल को मिलेगा ओपनिंग का मौका?
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के आगाज में हफ्तेभर का वक्त रह गया है. सभी टीमें टूर्नामेंट के आगाज से पहले तैयारियों में जुटकर मैदान पर जमकर पसीना बहा रही हैं. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 28 मार्च को खेला जाना है. डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी की टीम अपने खिताब को बरकरार रखने के इरादे से टूर्नामेंट में उतरेगी. आरसीबी को एक बार फिर ट्रॉफी उठानी है तो विराट कोहली का रोल बेहद अहम रहने वाला है. कोहली ने पिछले सीजन शानदार बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी को पहला खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई. उनके साथ ओपनिंग करते हुए फिल साल्ट ने भी तूफानी बल्लेबाजी करते हुए टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. हालांकि, इस बार 22 साल का एक विस्फोटक बल्लेबाज भी ओपनिंग की दावेदारी पेश कर रहा है. पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर ने भी इस युवा स्टार को आरसीबी की चुनी प्लेइंग-11 में विराट का ओपनिंग पार्टनर बनाया है. हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इस बल्लेबाज ने शानदार शतक ठोका था.
दरअसल, वसीम जाफर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की आईपीएल 2026 के लिए मजबूत प्लेइंग इलेवन घोषित की है. जाफर ने इस प्लेइंग इलेवन में सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट को जगह नहीं दी है. उनकी जगह इंग्लैंड के ही उनके साथी खिलाड़ी जैकब बेथेल को जाफर ने विराट कोहली के साथ पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी दी है.
जेकब बेथल को मिलेगा ओपनिंग का मौका?
फिल साल्ट का टी20 विश्व कप 2026 में प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था. वह 8 पारियों में 1 अर्धशतक की बदौलत महज 130 रन बना सके थे. इसके उलट जैकब बेथेल ने दमदार प्रदर्शन किया था और सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ शानदार शतक लगाया था. जाफर का बेथेल को टीम में रखने और साल्ट को बाहर रखने का यह भी एक कारण हो सकता है. देखना यह होगा कि क्या मैनेजमेंट भी बेथल को कोहली के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी देता है?
बता दें कि साल्ट ने आईपीएल 2025 में 13 पारियों में 33.58 की औसत और 175.98 की स्ट्राइक रेट से 4 अर्धशतक लगाते हुए 403 रन बनाए थे. एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो में जाफर ने पारी की शुरुआत करने के लिए पूर्व कप्तान विराट कोहली और युवा बल्लेबाज बेथेल को चुना है. कप्तान रजत पाटीदार को तीसरे और ऑल-राउंडर वेंकटेश को चौथे नंबर पर रखा है.