ओवरलोड पिकअप रोकने पर मजदूरों का थाने पर हंगामा: बड़वानी में कार्रवाई करने पहुंची पुलिस का घेराव, नंबर नोट कर वाहन छोड़े – Barwani News

ओवरलोड पिकअप रोकने पर मजदूरों का थाने पर हंगामा:  बड़वानी में कार्रवाई करने पहुंची पुलिस का घेराव, नंबर नोट कर वाहन छोड़े – Barwani News




बड़वानी में ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार शाम पाटी नाका पर जांच के दौरान पांच पिकअप वाहन रोके गए, जिनमें बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे। कार्रवाई के विरोध में मजदूरों ने वाहनों को यातायात थाने के सामने खड़ा कर हंगामा किया, जिससे सड़क जाम की स्थिति बन गई। स्थिति बिगड़ती देख कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। यातायात पुलिस ने बढ़ते हंगामे को देखते हुए पिकअप वाहनों के नंबर नोट किए और चालकों को अगले दिन थाने आने को कहकर वाहनों को रवाना कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीओपी दिनेश सिंह चौहान भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। यातायात प्रभारी विनोद बघेल ने बताया कि चेकिंग अभियान के तहत ओवरलोडिंग वाहन रोके गए थे। चूंकि इन वाहनों में विभिन्न दूरस्थ ग्रामों के बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे, इसलिए तत्काल कार्रवाई के बजाय वाहनों के नंबर नोट कर उन्हें छोड़ा गया। संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। एसडीओपी दिनेश चौहान ने पुष्टि की कि यातायात पुलिस ने पाटी नाके पर चेकिंग के दौरान पांच पिकअप वाहन रोके थे। प्रत्येक वाहन में 40 से 50 लोगों का परिवहन किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि इन वाहनों के नंबर नोट कर लिए गए हैं और संबंधित चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट में प्रकरण बनाकर न्यायालय में पेश किए जाएंगे।



Source link