खरगोन में वाहन की टक्कर से युवक की मौत: सड़क पार करते समय हादसा, सोशल मीडिया पर पत्नी की पोस्ट की तब हुई पहचान – Dhamnod News

खरगोन में वाहन की टक्कर से युवक की मौत:  सड़क पार करते समय हादसा, सोशल मीडिया पर पत्नी की पोस्ट की तब हुई पहचान – Dhamnod News


ग्राम सरजापुर के रहने वाले बलराम (पिता किशन बुंदेला) सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलराम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह पीथमपुर की ओर से वापस लौट रहे थे।

.

घटना खरगोन जिले में शनिवार, 21 मार्च की देर शाम काकड़दा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत राऊ-खल्घाट फोरलेन पर भाटी ढाबे के पास हुई।

सोशल मीडिया से हुई शिनाख्त

हादसे के बाद मृतक की पहचान करना एक चुनौती थी, लेकिन सोशल मीडिया ने इसमें अहम भूमिका निभाई।

घटनास्थल पर मौजूद महेश करण दांगी ने मृतक की जेब में उसकी पत्नी की फोटो देखी। उन्होंने यह फोटो सोशल मीडिया पर साझा की।

ग्राम पंचायत सरजापुर के सरपंच प्रतिनिधि अनिल बुंदेला ने फोटो देखकर मृतक की पत्नी को पहचाना, जिससे साफ हुआ कि मृतक बलराम बुंदेला ही हैं।

परिजन में शोक

हादसे की खबर मिलते ही टोल एंबुलेंस की मदद से शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद ले जाया गया, जहां डॉ. भूवनेश ठाकुर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचे मृतक के भाई प्यार सिंह बुंदेला और अन्य परिजन का बुरा हाल है।

अगली कार्रवाई

फिलहाल मृतक के शव को मर्चुरी (शव गृह) में रखवा दिया गया है। सरपंच प्रतिनिधि के अनुसार, अगले दिन रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने वाहन के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।



Source link