ग्वालियर के कंपू थाना में एक कार गैराज के मालिक पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। घटना शुक्रवार रात परम आशीष कॉलोनी के सामने कंपू थानाक्षेत्र की है। गैराज मालिक रात 9.30 बजे गैराज बंद कर घर लौट रहा था। वह खुद स्कूटी चला रहे थे और पीछे दोस्त बैठा हुआ था। इसी समय बाइक सवार दो बदमाश ओवरटेक करते हुए बराबर में आए और गोलियां चला दीं। बदमाशों ने तीन फायर किए हैं।
जिसमें से दो गोली गैराज संचालक के कंधे व सिर को छूते हुए निकली हैं, जबकि एक फायर मिस हुआ है। घटना के बाद घायल गैराज संचालक को उसका साथी लिंक हॉस्पिटल लेकर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात बाइक सवार बदमाशों पर मामला दर्ज कर लिया है। हमलावर कौन थे और उनका टारगेट गैराज संचालक क्यों था यह पता नहीं चल सका है। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास कुछ CCTV कैमरे खंगाले तो बाइक सवार फुटेज में नजर आए हैं। मध्य प्रदेश के दतिया धीरपुरा सिलोरी निवासी 28 वर्षीय यशविंदर सिंह रावत कार गैराज का संचालक है। वह फिलहाल महादजी नगर शिवपुरी लिंक रोड पर रह रहे हैं। यशविंदर ने बताया कि वह रात 9.30 बजे अपने गैराज का काम खत्म करने के बाद घर के लिए निकले थे। वह स्कूटी पर सवार थे और पीछे उनका दोस्त अरविंद उर्फ गोविंदा सोनी पीछे बैठा हुआ था। गैराज संचालक दोस्त की स्कूटी नंबर MP07 ZE-6035 से अभी परम आशीष कॉलोनी के पास पहुंचे ही थे कि तभी पीछे से काले रंग की बाइक पर सवार दो बदमाश आए। पहले ओवरटेक किया फिर बरामर में बाइक को लाए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने एक के बाद एक तीन फायर किए। एक मिस फायर हुआ, जबकि दो गोलियां एक कंधा और दूसरी सिर से रगड़ते हुए निकली हैं। गोलियां चलाने के बाद बदमाश भाग गए।
घायल को दोस्त ने पहुंचाया घर
घटना के बाद घायल यशविंदर सिंह का दोस्त अरविंद ने पुलिस को सूचना दी। साथ ही वह घायल को पास ही लिंक हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू कर दिया। पुलिस भी अस्पताल पहुंची और पूरी कहानी सुनने के बाद पहले घटना को संदिग्ध बताती रही, लेकिन बाद में जैसे-जैसे प्रूफ मिलते गए पुलिस की इस केस को लेकर थ्योरी बदलती चली गई।
CCTV कैमरे के फुटेज में दिखे बाइक सवार
घटना की सच्चाई जानने के लिए पुलिस ने घटना स्थल और घायल के गैराज से घटना स्थल तक के रूट पर लगे प्राइवेट व स्मार्ट सिटी के CCTV कैमरे खंगाले हैं। CCTV में कई स्पॉट पर बाइक सवार पीछा करते और ओवरटेक करते नजर आ रहे हैं। जिससे घटना की पुष्टि हो रही है। इसके बाद पुलिस ने घायल से बयान लेने के बाद मामल दर्ज कर लिया है।
कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार का कहना है- गोलीबारी की घटना हुई थी। जांच के बाद बाइक सवार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की CCTV फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है।
Source link