चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मैहर स्थित मां शारदा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नवरात्रि के तीसरे दिन शनिवार को देशभर से आए भक्तों ने माता के दर्शन किए। प्रशासन द्वारा की गई सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और सुगम दर्शन व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। सीढ़ी मार्ग सहित सभी मार्गों पर व्यवस्थाएं व्यवस्थित रहीं, जिससे भक्तों ने शांतिपूर्ण तरीके से माता के दर्शन किए। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को कुल 89,936 श्रद्धालुओं ने मां शारदा देवी के दर्शन किए। इनमें से 79,413 श्रद्धालु पैदल मार्ग से, 1,323 श्रद्धालु वैन मार्ग से तथा 3,200 श्रद्धालु रोपवे मार्ग से मंदिर पहुंचे। नवरात्रि पर्व के चलते मंदिर परिसर में लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ बनी हुई है। प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित दर्शन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि सभी भक्त शांतिपूर्वक माता के दर्शन कर सकें।
Source link