दतिया शहर के रिंग रोड स्थित गुर्जा हनुमान मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने दान पेटी का ताला तोड़कर नगदी पार कर दी। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है, जब दो अज्ञात बदमाश मंदिर परिसर में घुसे और स्टील की डबल लॉक दान पेटी को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार चोरों ने दान पेटी के दोनों लॉक तोड़कर उसमें रखी करीब 10 से 12 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जिसमें दो संदिग्ध युवक नजर आ रहे हैं। सुबह जब पुजारी अमरदीप मंदिर पहुंचे तो दान पेटी के ताले टूटे मिले और नकदी गायब थी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मंदिर समिति व स्थानीय लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल पर इस तरह की वारदात से लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link