शनिवार को पवित्र माह रमजान के 30 दिन पूरे होने के बाद रायसेन में ईद की विशेष नमाज अदा की गई। सांची मार्ग स्थित ईदगाह पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज में शामिल हुए। सुबह 7:30 बजे मुफ्ती सलमान साहब ने नमाज अदा कराई। इसके बाद 7:40 बजे देश के अमन-चैन और खुशहाली के लिए हजारों हाथों ने दुआ मांगी। इस दौरान छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक मौजूद रहे। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की शुभकामनाएं दीं। शहर काजी जहीरुद्दीन ने दरगाह शरीफ पर नमाज पढ़ाई और बताया कि रायसेन जिले में ईद का त्योहार भाईचारे और सहयोग के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में शांति है और सभी लोग एक-दूसरे का आदर करते हैं। जिले में हिंदू-मुस्लिम त्योहार शांति और सद्भावना के साथ मनाए जाते हैं और आगे भी मनाए जाते रहेंगे। उन्होंने देश की खुशहाली और अमन-चैन के लिए भी दुआ मांगी। मुस्लिम त्योहार कमेटी के अध्यक्ष इलियास खान ने कहा कि ईद का त्योहार खुशी का अवसर होता है, जिसमें बच्चों में विशेष उत्साह रहता है। उन्होंने बताया कि ईदगाह पर शहर, जिले और देश की अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। ईद को लेकर बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। छोटे बच्चे रंग-बिरंगे परिधानों में ईदगाह पहुंचे थे। दिनभर मुस्लिम समुदाय के घरों में दावतों का दौर जारी रहा, जहां विभिन्न पकवानों से लोगों का मुंह मीठा कराया गया। इस अवसर पर ईदगाह पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खुरपुसे, एसडीएम मनीष शर्मा, एसडीओपी प्रतिभा शर्मा, नगर पालिका सीएमओ सुरेखा जाटव और थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। देखें तस्वीरें
Source link