आज के समय में इलेक्ट्रिक गाड़ियां (EV) केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि जरूरत बनती जा रही हैं. लेकिन एक नए खरीदार के मन में सबसे बड़ा सवाल गाड़ी की बैटरी लाइफ को लेकर होता है. क्या ये कुछ सालों में खराब हो जाएगी? क्या इसका बैकअप कम हो जाएगा? असल में, आपकी इलेक्ट्रिक गाड़ी की बैटरी कितनी लंबी चलेगी, ये काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि आप उसे चार्ज कैसे करते हैं.
जैसे एक स्मार्टफोन की बैटरी गलत आदतों से फूल जाती है या जल्दी खत्म होने लगती है, ठीक वैसा ही ईवी के साथ भी है. अगर आप चार्जिंग के कुछ बुनियादी और जरूरी नियमों का पालन करते हैं, तो आपकी गाड़ी की बैटरी सालों-साल नए जैसी परफॉरमेंस दे सकती है. अगर आप चाहते हैं कि आपकी ईवी की रेंज कम न हो और बैटरी पैक लंबे समय तक साथ दे, तो नीचे दी गई बातों का खास ख्याल रखें.
1. 20-80 का गोल्डन रूल
इलेक्ट्रिक वाहनों में अक्सर Lithium-ion बैटरी का इस्तेमाल होता है. इन बैटरियों के लिए सबसे तनावपूर्ण स्थिति तब होती है जब वे पूरी तरह खाली (0%) या पूरी तरह फुल (100%) होती हैं. कोशिश करें कि बैटरी को हमेशा 20% से 80% के बीच रखें. रोज़ाना 100% चार्ज करने से बैटरी सेल्स पर दबाव बढ़ता है, जिससे उनकी क्षमता धीरे-धीरे घटने लगती है.
2. फास्ट चार्जिंग का सीमित इस्तेमाल
फास्ट चार्जर सफर के दौरान समय बचाने के लिए बेहतरीन हैं, लेकिन इनका अत्यधिक उपयोग बैटरी के लिए ‘स्लो पॉइजन’ की तरह है. फास्ट चार्जिंग के दौरान बहुत अधिक हीट पैदा होती है, जो बैटरी के केमिकल स्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचा सकती है. हफ्ते में एक या दो बार ही फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करें, बाकी समय स्लो होम चार्जर (AC Charging) को प्राथमिकता दें.
3. धूप में चार्जिंग से बचें
गर्मी बैटरी की सबसे बड़ी दुश्मन है. कोशिश करें कि अपनी गाड़ी को किसी ठंडी या छायादार जगह पर पार्क और चार्ज करें. अगर आप लंबी दूरी से गाड़ी चलाकर आए हैं और बैटरी गर्म है, तो उसे तुरंत चार्ज पर न लगाएं. कम से कम 30-45 मिनट तक बैटरी को ठंडा होने दें, उसके बाद ही प्लग इन करें.
4. डीप डिस्चार्ज से बचें
कभी भी बैटरी को पूरी तरह 0% तक न जाने दें. जब बैटरी का लेवल बहुत गिर जाता है, तो इसके कुछ सेल्स ‘डेप स्लीप’ मोड में जा सकते हैं, जिससे दोबारा चार्ज करने पर वे सही से रिस्पोंड नहीं करते. अगर आपको गाड़ी कई दिनों तक इस्तेमाल नहीं करनी है, तो उसे 50% चार्ज पर छोड़ें.
5. महीने में एक बार 100% चार्ज करें
भले ही हमने 80% तक चार्ज करने की सलाह दी है, लेकिन महीने में कम से कम एक बार अपनी गाड़ी को फुल (100%) चार्ज जरूर करना चाहिए. ये BMS (Battery Management System) को सेल बैलेंसिंग करने में मदद करता है, जिससे गाड़ी की रेंज की सटीक जानकारी मिलती रहती है.
सार: इलेक्ट्रिक गाड़ी की बैटरी बदलना एक महंगा सौदा हो सकता है, लेकिन ऊपर बताए गए आसान तरीकों से आप इस खर्च को सालों तक टाल सकते हैं. बस अपनी चार्जिंग आदतों में थोड़ा सुधार करें और आपको कुछ दिनों में भी इसका असर दिखने लगेगा.