रायसेन जिले के ग्राम खंडेरा स्थित खंडेरा वाली मां छोले वाली के मंदिर में चैत्र नवरात्रि के मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक भक्त व्रत रखते हैं और माता के दर्शन कर आशीर्वाद लेते हैं। खंडेरा धाम जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर सागर-भोपाल मार्ग पर स्थित है। मंदिर में मां को पांच पिंडी रूप में प्रतिष्ठित किया गया है। मान्यता है कि यह स्थान 450 सालों से धार्मिक आस्था का केंद्र बना हुआ। नवरात्रि के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मान्यता के अनुसार, नवरात्रि में पैदल चलकर मंदिर पहुंचने से भक्तों को विशेष आशीर्वाद मिलता है। जिन महिलाओं को संतान नहीं होती, वे यहां अर्जी चढ़ाकर संतान सुख की कामना करती हैं। भक्त अपनी मनोकामनाओं के पूरा होने पर मंदिर में चुनरी चढ़ाकर माता का आभार व्यक्त करते हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। दूर-दूर से आए भक्त व्रत और पूजा के साथ भक्तिमय माहौल का अनुभव कर रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र नवरात्रि के अवसर पर उत्साह और श्रद्धा से भरा हुआ है।
Source link