Last Updated:
Guna News: गुना के बीस भुजा देवी मंदिर मेले में मिक्की माउस झूले से गिरे 7 वर्षीय आशुतोष शर्मा की हालत नाजुक है. वहीं पुलिस झूला संचालक की लापरवाही की जांच कर रही है. हादसे के बाद मेले में हड़कंप मच गया था.
गुना झूला हादसे में बच्चे की हालत गंभीर.
Guna News: गुना जिले के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बीस भुजा देवी मंदिर में चैत्र नवरात्रि मेले के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मेले में लगे मिक्की माउस झूले (जंपिंग राइड) पर सवार 7 वर्षीय मासूम आशुतोष शर्मा तेज हवा के झोंके से उछलकर नीचे पत्थरों पर गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आईं. बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है.
घटना के अनुसार, शारदा निवासी आशुतोष अपनी मां और परिजनों के साथ मंदिर में दर्शन करने आया था. दर्शन के बाद परिवार मेले में घूम रहा था, तभी मिक्की माउस झूले पर झूलते समय अचानक तेज हवा चली. झूला अनियंत्रित हो गया और बच्चा उछलकर नीचे गिर पड़ा. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झूले की सुरक्षा व्यवस्था ठीक नहीं थी, बंधन सही तरीके से नहीं लगे थे, जिससे हादसा हुआ.
बच्चे को रेफर किया
हादसे में दो अन्य बच्चों को भी मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. आशुतोष को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताते हुए भोपाल या उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया. बच्चे को मलबे या पत्थरों में दबने से चोटें आईं, जिससे उसकी हालत और नाजुक हो गई.
झूला संचालक की लापरवाही
यह हादसा मेले में सुरक्षा मानकों की कमी पर गंभीर सवाल खड़े करता है. स्थानीय लोग और प्रत्यक्षदर्शी झूला संचालकों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मेले में लगे अन्य झूलों की भी सघन जांच की जा रही है. प्रशासन ने मेले आयोजकों को चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें