झामरिया बाग पहुंचे माता के 200 से अधिक रथ: बड़वानी में जनप्रतिनिधियों के दबाव में खुला बंद रास्ता, पूजी गईं गणगौर माता – Barwani News

झामरिया बाग पहुंचे माता के 200 से अधिक रथ:  बड़वानी में जनप्रतिनिधियों के दबाव में खुला बंद रास्ता, पूजी गईं गणगौर माता – Barwani News




बड़वानी में रविवार को गणगौर पर्व की धूम रही। शहर के झामरिया बाग में 200 से अधिक माता के रथ पहुंचे, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन और पूजन किया। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच सड़क को लेकर चल रहे विवाद के सुलझने के बाद भक्तों के लिए रास्ता खोल दिया गया, जिससे उत्सव का उत्साह दोगुना हो गया। पुराना कलेक्ट्रेट से पीएम रूम तक की सड़क निर्माण कार्य के कारण बंद थी, जिससे 100 साल पुरानी परंपरा पर संकट मंडरा रहा था। व्यापारियों और स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा संभाला। कांग्रेस की विरोध प्रदर्शन की चेतावनी के बाद नगर पालिका ने रविवार शाम पैदल आवाजाही के लिए मार्ग खोल दिया। रास्ता खुलने से यादव और कुशवाह समाज सहित आम श्रद्धालुओं को माता के रथ झामरिया बाग ले जाने में आसानी हुई। भक्ति के रंग में रंगा झामरिया बाग बिजली की आकर्षक सजावट के बीच झामरिया बाग शक्ति की भक्ति से सराबोर नजर आया। श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में सजे-धजे, सिर पर माता के रथ रखे, ढोल-धमाकों और गणगौर गीतों के साथ गार्डन पहुंचे। यहां विधि-विधान से माता की आरती की गई और सुख-समृद्धि की कामना के साथ नारियल अर्पित किए गए। रविवार शाम को माता ने शहर भ्रमण भी किया, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।



Source link