भोपाल की लाइफ लाइन बड़ा तालाब पर रसूखदारों का कब्जा है। सरकारी सर्वे और रिपोर्ट में ये साफ हो चुका है। एफटीएल से 50 मीटर के दायरे में ही लोगों ने आलिशान मकान, स्वीमिंग पूल, गार्डन-पार्क बना रखे हैं। ऐसे में अब इन्हें हटाने की मांग भी उठने लगी है। रविवार को बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने प्रदर्शन किया। उन्होंने बड़ा तालाब के साथ कलियासोत नदी के आसपास हो रहे अतिक्रमण को हटाने की मांग की। तालाब के साथ नदी पर भी कब्जा किया
बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया, बड़ा तालाब और कलियासोत नदी पर लगातार अतिक्रमण कर उन्हें बर्बाद किया जा रहा है। बड़ा तालाब को भरने वाली नदी कोंलास को भी अतिक्रमण के कारण समाप्त करने की तैयारी हो गई है। तालाब के आसपास अमीरों के बड़े-बड़े अतिक्रमण सामने आ गए हैं। भोपाल सांसद आलोक शर्मा की पहल के बाद सर्वे शुरू किया गया। वहीं, कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने सर्वे भी शुरू कराया। रसूखदारों पर कार्रवाई जल्दी होना चाहिए। तालाब एवं नदी के अतिक्रमण हटाने को लेकर बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी एवं आसपास के महिला, बच्चे, बुजुर्ग और युवाओं ने रविवार को नारेबाजी की। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अतिक्रमण पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। तालाब को बचाने के लिए विरोध की देखिए 2 तस्वीरें… अब तक इतने अतिक्रमण मिले
हाल ही में हुए सर्वे में टीम को सेवनिया गौंड, बिशनखेड़ी समेत आसपास के इलाकों में करीब तीन किमी के दायरे में 20 से ज्यादा बड़े अतिक्रमण लिस्टेड किए। इसमें फेंसिंग, बाउंड्रीवॉल, स्वीमिंग पूल, टीन शेड बना चुके थे, जो एफटीएल से 50 मीटर के दायरे में ही हैं। सैर सपाटा, बोट क्लब-वन विहार का हिस्सा भी
बड़ा तालाब किनारे प्राइवेट के साथ सरकारी अतिक्रमण भी सामने आया है। एफटीएल के 50 मीटर के दायरे में सैर सपाटा, बोट क्लब, विंड एंड वेव्स होटल और वन विहार का कुछ हिस्सा भी आ रहा है। प्रशासन ने इन्हें भी अतिक्रमण के तौर पर लिस्टेड किया है। बैरागढ़ में 220 अतिक्रमण
बैरागढ़ सर्किल में 220 अतिक्रमण सामने आए हैं। इन्हें हटाने की प्रक्रिया जारी है। टीटी नगर में 127 अतिक्रमण चिह्नित कर नोटिस जारी किए हैं। इनमें 59 निजी और 78 सरकारी शामिल हैं। परिवहन विभाग के पूर्व कांस्टेबल सौरभ शर्मा की सास का रो-हाउस भी अतिक्रमण की सूची में शामिल हैं। प्रशासन की टीम ने सेवनिया गौंड, प्रेमपुरा सहित अन्य क्षेत्रों में भी सीमांकन किया था। वन विहार के पास जॉक रेस्टोरेंट, लहर रेस्टोरेंट, विंड्स एंड वेब, होटल रंजीत लेकव्यू, फूड जोन की 26 दुकानें, गेम जोन, कचरा कैफे, सुलभ कॉम्प्लेक्स और लहर जिम सहित अन्य निर्माण शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि किनारे से 100 से अधिक झुग्गी भी हटेंगी। सूत्रों के अनुसार, वन विहार रोड स्थित होटल रंजीत, होटल टोरकस, अन्नतास गार्डन, लेक हाउस का कुछ हिस्सा आ रहा है। वहीं, मैथलीशरण गुप्ता, कीर्ति जैन, पीएस भटनागर, मोहिनी देवी, बसंत कौर, सौम्या श्रीवास्तव, प्रकाश चंदेल, मुकेश शर्मा आदि के निर्माण भी जद में आ रहे हैं। इसके अलावा बैरागढ़ तहसील क्षेत्र में शामिल बड़ा तालाब का काफी हिस्सा भी जद में आ रहा है। कुछ दिन पहले इन पर कार्रवाई की गई। वहीं, टीटी नगर एसडीएम वृत्त की टीमें भी जल्द कार्रवाई करेगी।
Source link